Headlines

सोनीपत में हथौड़े से वार करने वाला अरेस्ट:एक हजार रुपए मांगने पर भड़का; गली में घेर कर किया हमला




सोनीपत में उधारी के महज एक हजार रुपए वापस मांगना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। रुपए मांगने से नाराज दबंग ने बीच रास्ते में युवक को रोककर सिर पर हथौड़े से जानलेवा वार कर दिया। बरोदा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसको कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, निजामपुर गांव निवासी शेर सिंह ने बरोदा थाने में दी शिकायत में बताया कि गांव के ही प्रवीन उर्फ काला ने उससे लगभग एक सप्ताह पहले 1000 रुपये उधार लिए थे। प्रवीन ने 28 सितंबर को रुपये लौटाने का वादा किया था। तय समय के मुताबिक जब शेर सिंह दोपहर में अपने पैसे मांगने प्रवीन के घर गया, तो आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायतकर्ता जब विवाद से बचकर अपने घर लौटने लगा, तो आरोपी प्रवीन ने वाल्मीकि मंदिर के पास उसका रास्ता रोक लिया। आरोपी के हाथ में हथौड़ा था, जिससे उसने जान से मारने की नीयत से शेर सिंह के सिर पर सीधे वार कर दिया। हमले में शेर सिंह का सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब पीड़ित ने शोर मचाया, तो आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया। गंभीर हालत में परिजनों ने घायल शेर सिंह को तुरंत नागरिक अस्पताल जींद में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए PGIMS रोहतक रेफर कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बरोदा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की जांच कर रहे उप-निरीक्षक कृष्ण की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी प्रवीन उर्फ काला निवासी निजामपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *