![]()
पठानकोट में पंजाब ड्रग सर्वे में काम करने वाले न्यूमरेटर्स और कर्मचारियों का मानदेय नहीं मिलने से रोष बढ़ता जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी मानदेय की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भुगतान के मामले में पठानकोट विधानसभा क्षेत्र के कर्मचारियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। भोआ और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे करने वाले कर्मचारियों को अब तक सात-सात किश्तों का भुगतान किया जा चुका है, जबकि पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को केवल चार किश्तें ही मिली हैं। उनकी तीन किश्तें अभी लंबित हैं। कर्मचारियों ने बताया कि पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में करीब 164 न्यूमरेटर्स ने घर-घर जाकर ड्रग सर्वे का काम किया था। उन्होंने कई मुश्किल परिस्थितियों के बीच सर्वे पूरा किया, लेकिन करीब 2 महीने से मानदेय के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं। उनका आरोप है कि हर बार भुगतान जल्द करने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक बकाया राशि जारी नहीं की गई। मलिकपुर चौक पर चक्का जाम की चेतावनी प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से लंबित 3 किश्तों का भुगतान जल्द जारी करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे मलिकपुर चौक पर चक्का जाम करेंगे। इसके साथ ही एसडीएम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की भी चेतावनी दी गई है।
Source link
पठानकोट में मानदेय नहीं मिलने पर कर्मचारियों का प्रदर्शन:भुगतान में भेदभाव का आरोप लगाया; SDM कार्यालय के बाहर की नारेबाजी
