![]()
ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र के बंसीपुर कैंटोनमेंट स्थित वार्ड-16 की सरकारी उचित मूल्य दुकान से चावल की बोरियां लोडिंग वाहन में भरकर ले जाने का मामला सामने आया है। सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने बुधवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच कार्रवाई कर चावल से भरा वाहन जब्त किया। वाहन में करीब 30 बोरी चावल मिला है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुकान से वाहन में लोड हो रहा था चावल वार्ड-16 की उचित मूल्य दुकान का संचालन नीरज शर्मा द्वारा किया जाता है। जानकारी के मुताबिक, दुकान से चावल के कट्टे लोडिंग वाहन क्रमांक MP07-L-3514 में भरे जा रहे थे। सूचना मिलते ही खाद्य विभाग के फूड इंस्पेक्टर अरविंद सिंह भदौरिया और उनकी टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में वाहन में सरकारी चावल की करीब 30 बोरियां मिलीं, जिसके बाद वाहन को जब्त कर लिया गया। पुलिस की भूमिका पर भी सवाल मामले में मुरार थाना पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस ने वाहन को पकड़ा था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। मामला SP के संज्ञान में आने के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके बाद खाद्य विभाग और पुलिस की टीम ने वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लिया। कहां ले जाया जा रहा था, जांच जारी खाद्य विभाग दुकान संचालक और वाहन चालक से पूछताछ कर रहा है। टीम यह पता लगा रही है कि 30 बोरी चावल किसके निर्देश पर दुकान से निकाला गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि चावल नियमानुसार ले जाया जा रहा था या इसमें कालाबाजारी का मामला है। खाद्य विभाग का कहना फूड इंस्पेक्टर अरविंद सिंह भदौरिया ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम ने लोडिंग वाहन जब्त किया है। उसमें करीब 30 बोरी चावल मिला है। चालक से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Source link
राशन दुकान का 30 बोरी चावल लोडिंग वाहन में पकड़ा:ग्वालियर में खाद्य विभाग और पुलिस की कार्रवाई, वाहन जब्त; चालक हिरासत में
