Headlines

अबोहर अनाज मंडी में दो गुटों में फायरिंग- युवक घायल:जमकर चले लाठी डंडे व धारदार हथियार, तोड़फोड़, कई लग्जरी गाड़ियां तोड़ीं




फाजिल्का जिले के अबोहर उपमंडल की मुख्य अनाज मंडी में गुरुवार शाम करीब 6 बजे दो गुटों के बीच जमकर खूनी टकराव होने से हड़कंप मच गया। झड़प के दौरान सरेआम फायरिंग हुई और दो लग्जरी गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। इस हिंसक घटना में जम्मू बस्ती निवासी विक्रमजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूचना पर पहुंचे विधायक संदीप जाखड़ ने सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। गाड़ियाँ रुकते ही चले लाठी-डंडे और धारदार हथियार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अनाज मंडी के शेड नंबर-7 के पास दो लग्जरी गाड़ियां आकर रुकी थीं। इसी दौरान जैसे ही एक इनोवा कार वहां पहुंची, तो दोनों पक्षों में बहस के बाद हमला शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों गुटों के युवकों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से गाड़ियों पर हमला बोल दिया और उनके शीशे तोड़ डाले। झड़प के दौरान एक युवक को गाड़ी से कुचलने की कोशिश भी की गई, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों के अनुसार मौके पर दो फायर होने की बात भी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रविंद्र सिंह भीटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। विधायक संदीप जाखड़ मौके पर पहुंचे, सरकार को घेरा अबोहर के विधायक संदीप जाखड़ अनाज मंडी पहुंचे और लोगों व दुकानदारों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। विधायक जाखड़ ने शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि अबोहर में आए दिन मारपीट और गुंडागर्दी की घटनाएं आम हो चुकी हैं और अब सरेआम गोलियां चलना सुरक्षा व्यवस्था के खोखले दावों की पोल खोलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन सुरक्षा को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं। जाखड़ ने मांग की कि पुलिस प्रशासन सरेआम गुंडागर्दी करने वाले आरोपियों की तुरंत पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करे और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *