- Hindi News
- Local
- Mp
- Ujjain Shahi Masjid Demolition | Singhasth Kumbh Road Widening Update
उज्जैन3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

गुरुवार सुबह करीब 6.45 बजे शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा गिर गया।
उज्जैन के छत्री चौक स्थित शाही मस्जिद की मीनार का हिस्सा गुरुवार सुबह करीब 6.45 बजे अचानक टूटकर छत पर गिर गया। इससे मस्जिद की छत को भी नुकसान पहुंचा। हादसे में किसी को चोट नहीं आई।
सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल चौक से गोपाल मंदिर तक सड़क चौड़ी की जानी है। शाही मस्जिद की मीनार समेत करीब 6 फीट हिस्सा सड़क की जद में आ रहा था। मुस्लिम समुदाय के लोग इसे हाथ से तोड़ने का काम चार दिन से कर रहे हैं।
गुरुवार को भी निर्माण हटाया जा रहा था, तभी मीनार का हिस्सा टूटकर गिर गया।
प्रशासन ने छत का मरम्मत कार्य शुरू कराया
कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि मीनार गिरने से मस्जिद के जिस हिस्से को नुकसान पहुंचा है, उसकी मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है। अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
काजी खलीफुर्रहमान ने कहा मीनार उतारने के लिए प्रशासन से मदद मांगी थी। प्रशासन मदद कर रहा था, इसी दौरान टेक्निकल मिस्टेक की वजह से मीनार को नुकसान हुआ। लोग शांति बनाए रखें। जो नुकसान हुआ है उसकी मरम्मत की जा रही है।
मीनार का हिस्सा गिरने की तीन तस्वीरें

गुरुवार सुबह काम के दौरान मीनार का हिस्सा गिर गया।

मीनार का हिस्सा गिरते ही धूल का गुबार उठा।

हिस्सा गिरने के बाद मीनार की तस्वीर ।
28 सितंबर को हुआ था विवाद
गौरतलब है कि 28 सितंबर को शाही मस्जिद को लेकर विवाद हुआ था। सोशल मीडिया पर मस्जिद को पूरी तरह तोड़े जाने से जुड़ी भ्रामक और AI से तैयार जानकारी वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे।
पुलिस के मुताबिक, भीड़ ने फोर्स पर पथराव किया था। इसके बाद पुलिस ने आंसू गैस और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया। मामले में कई FIR दर्ज की गई हैं। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स के साथ CCTV और ड्रोन फुटेज की भी जांच की।

शाही मस्जिद वाली सड़क पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौजूद है।

एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
हाईकोर्ट में याचिका खारिज
28 सितंबर को ही शाही मस्जिद मामले में दायर याचिका मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने खारिज कर दी। सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने जिला प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच हुए समझौते के आधार पर मामले को डिस्पोज ऑफ कर दिया।
याचिकाकर्ता शाही मस्जिद कमेटी के एडवोकेट कुलदीप पाठक ने कहा- सड़क के लिए 3 फीट जगह के साथ कुछ दुकानें हटाने पर सहमति बनी है। बड़ी मीनार को दूसरी ओर शिफ्ट किया जाएगा। दुकानों के लिए दूसरी जगह दी जाएगी।
9 आरोपी जेल भेजे गए
30 सितंबर को मामले में गिरफ्तार 9 आरोपियों को जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी को 12 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। विवाद के बाद शाही मस्जिद और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात है। बाजार के कुछ हिस्सों में दुकानें भी बंद रहीं।

मुस्लिम समुदाय के साथ बनी सहमति के बाद मस्जिद का हिस्सा तोड़ा जा रहा है।
हाजी हारून का आरोप – शाही मस्जिद महाकाल मंदिर से दूर, कोर्ट को गुमराह किया

जमीयत उलमा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून।
- उज्जैन शाही मस्जिद विवाद में जमीयत उलमा मध्य प्रदेश के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून ने प्रशासन और कोर्ट में रखे गए तथ्यों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मस्जिद को महाकाल मंदिर के बहुत करीब बताकर कोर्ट को गुमराह किया गया।
- उनका दावा है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए सिर्फ तीन फीट जगह चाहिए थी, ऐसे में दूसरे विकल्पों पर भी विचार किया जा सकता था।
- हारून ने कहा कि प्रशासन से करीब आठ लोगों की बातचीत या सहमति को पूरे मुस्लिम समाज की सहमति नहीं माना जा सकता। यदि कोई समझौता हुआ था तो आम लोगों को इसकी जानकारी दी जानी चाहिए थी।
- हारून ने आरोप लगाया कि मीनार हटाने के दौरान मशीनों के इस्तेमाल से मस्जिद को नुकसान पहुंचा। उन्होंने इसकी जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और मस्जिद के पुनर्निर्माण की मांग की।
- तकिया मस्जिद का मुद्दा उठाते हुए हारून ने कहा कि पार्किंग के लिए धार्मिक स्थल हटाने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था पर विचार होना चाहिए।
अब तक क्या कार्रवाई हुई
- सड़क चौड़ीकरण की योजना: सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत कंठाल से गोपाल मंदिर मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है। शाही मस्जिद का एक हिस्सा प्रस्तावित सड़क की जद में आया।
- मस्जिद कमेटी से सहमति: प्रशासन और मस्जिद कमेटी के बीच प्रभावित हिस्सा हटाने पर सहमति बनी। हाईकोर्ट में भी मुस्लिम पक्ष की ओर से सहयोग की बात कही गई।
- 28 सितंबर को बवाल: कार्रवाई के दौरान सोशल मीडिया पर मस्जिद को पूरी तरह तोड़े जाने की भ्रामक/AI सामग्री वायरल होने के बाद बड़ी भीड़ मौके पर पहुंची। पुलिस पर पथराव हुआ। पुलिस ने आंसू गैस और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया।
- पुलिस कार्रवाई: मामले में कई FIR दर्ज हुईं और आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू हुई। सोशल मीडिया अकाउंट्स और CCTV/ड्रोन फुटेज की भी जांच की गई।
- 9 आरोपी कोर्ट में पेश: 30 सितंबर को 9 आरोपियों को जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने सभी को 12 अक्टूबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
- स्थिति: विवाद के बाद शाही मस्जिद और आसपास के इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है तथा बाजार के कई हिस्सों में दुकानें बंद रहीं।
——————–
ये खबर भी पढ़ें
मस्जिद विवाद में उपद्रव फैलाने वाले 100 इंस्टाग्राम ID ब्लॉक

उज्जैन में शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान हुए उपद्रव के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने उपद्रव से जुड़े भड़काऊ और वायरल कंटेंट वाले 100 से अधिक इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट/पेज ब्लॉक करवाए हैं। पढ़ें पूरी खबर

