Headlines

ग्वालियर से लापता नाबालिग छात्र दिल्ली में मिला:बोला-दिल्ली घूमने का शौक था, इसलिए अपनी मर्जी से चला गया, CCTV फुटेज-मोबाइल से मिली लोकेशन




ग्वालियर में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत महाराजपुरा थाना पुलिस ने घर से बिना बताए लापता हुए 16 वर्षीय किशोर को दिल्ली से सकुशल बरामद किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर किशोर का पता लगाया। पूछताछ में उसने बताया कि वह घूमने के शौक में अकेले दिल्ली चला गया था। पुलिस के मुताबिक उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। 29 सितंबर की सुबह घर से निकला था महाराजपुरा क्षेत्र निवासी परिजन ने पुलिस को बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा, जो कक्षा 10वीं का छात्र है, 29 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे घर से बिना बताए चला गया। रिश्तेदारों और आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। परिजन ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। दोस्तों से पूछताछ, लेकिन नहीं मिला सुराग पुलिस ने छात्र के करीबी दोस्तों से पूछताछ की। दोस्तों ने बताया कि छात्र को किसी तरह की परेशानी नहीं थी, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वह कहां गया है। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। मोबाइल लोकेशन से दिल्ली में मिला सुराग एसएसपी धर्मवीर सिंह और एएसपी पूर्व डॉ. शिवेश सिंह बघेल के निर्देश पर सीएसपी महाराजपुरा नागेंद्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक यशवंत गोयल के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने तकनीकी सेल और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। 1 अक्टूबर को तकनीकी सहायता से किशोर की लोकेशन दिल्ली में मिली। इसके बाद महाराजपुरा पुलिस की टीम तत्काल दिल्ली पहुंची और किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस टीम गुरुवार रात उसे लेकर ग्वालियर लौट आई। घूमने के शौक में अकेले दिल्ली चला गया पूछताछ में किशोर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से घूमने के शौक में अकेले दिल्ली चला गया था। उसने बताया कि उसके साथ किसी तरह की गलत घटना या वारदात नहीं हुई। आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद पुलिस ने किशोर को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *