![]()
रांची यूनिवर्सिटी में खेल प्रतिभाओं के साथ लापरवाही का मामला सामने आया है। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी (एआईयू) के तत्वावधान में होने वाली ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए निर्धारित समय तक रांची यूनिवर्सिटी चयनित खिलाड़ियों की सूची तक तैयार नहीं कर सकी है। आयोजक विश्वविद्यालय को 29 सितंबर तक चयनित खिलाड़ियों की सूची भेजनी थी। लेकिन आरयू प्रशासन तय समय-सीमा तक कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्तर का चयन ट्रायल ही नहीं करा सका। इसका नतीजा यह हुआ कि प्रतियोगिता की तैयारी में लंबे समय से जुटी खेल प्रतिभाएं अब अनिश्चितता में हैं। दो दिन पहले खेल कैलेंडर जारी कर विवि प्रशासन ने कहा है कि तीन अक्टूबर को आरएलएसवाई कॉलेज में चयन ट्रायल होगा। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि समय सीमा बीतने के बाद आयोजक विश्वविद्यालय रांची यूनिवर्सिटी की टीम की प्रविष्टि स्वीकार करेगा या नहीं। बता दें कि ईस्ट जोन प्रतियोगिता महिला कबड्डी का आयोजन गुरु घासीदास विवि, छत्तीसगढ़ में होना है। कबड्डी की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय स्तर पर आगे बढ़ने का बड़ा मौका है। लेकिन रांची यूनिवर्सिटी की ओर से समय पर चयन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण टीम की भागीदारी पर सवाल खड़े
हो गए हैं। बड़ी लापरवाही… विश्वविद्यालय की स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की बैठक तक नहीं हुई मामले में सबसे बड़ा सवाल विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर है। ईस्ट जोन प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जहां 29 सितंबर तक चयनित खिलाड़ियों की सूची भेजी जानी थी, वहीं रांची यूनिवर्सिटी में निर्धारित समय तक खिलाड़ियों के चयन के लिए आवश्यक प्रतियोगिता ही नहीं कराई जा सकी। 29 सितंबर को खेल कैलेंडर जारी किया है। खिलाड़ियों ने जब मामले की पड़ताल की तो पता चला कि यूनिवर्सिटी की स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड की बैठक तक नहीं हुई है। असर क्या… यदि आयोजक विवि ने लेट एंट्री स्वीकार नहीं की, तो आरयू की टीम प्रतियोगिता से बाहर हो जाएगी। आगे क्या… ट्रायल के बाद आरयू प्रशासन आयोजक विवि से अनुरोध कर टीम को शामिल कराने का प्रयास करेगा। अभ्यास कर रही हूं, मौका का पता नहीं : पूजा कबड्डी प्रतियोगिता की तैयारी कर रही पूजा कुमारी पिछले एक साल से इस उम्मीद के साथ अभ्यास कर रही थीं कि रांची यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। लेकिन समय पर प्रतियोगिता नहीं होने से अब उनके सामने अनिश्चितता है। चयन प्रतियोगिता नहीं होने से निराशा : रुमान रूमान कुमारी भी पिछले एक साल से कबड्डी की तैयारी कर रही हैं। उनका कहना है कि चयन में देरी से खिलाड़ियों की मेहनत और उनका प्रतियोगितात्मक अवसर दोनों प्रभावित होते हैं। क्या कहते हैं प्रशिक्षक कबड्डी प्रशिक्षक हरीश कुमार ने कहा कि ईस्ट जोन प्रतियोगिता को लेकर विश्वविद्यालय की लापरवाही से प्रतिभागियों में निराशा है। खिलाड़ियों ने लंबे समय तक तैयारी की है। विश्वविद्यालय प्रशासन को पूरे मामले की जांच करनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही हुई है तो जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करनी चाहिए। एआईयू व आयोजक विवि से बातचीत हुई है एआईयू और आयोजन विश्वविद्यालय से बातचीत हुई है। उनसे रांची यूनिवर्सिटी के छात्रों को शामिल करने का अनुरोध किया गया है। विश्वविद्यालय में नए यूनिवर्सिटी एक्ट के अनुसार स्पोर्ट्स बोर्ड का गठन हुआ है, इस कारण यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता कराने में विलंब हुआ है। – डॉ एबी कुल्लू, स्पोर्ट्स डायरेक्टर
Source link
तारीख बीतने के बाद जागा रांची विश्वविद्यालय का स्पोर्ट्स विभाग:ईस्ट जोन कबड्डी; 29 तक भेजना था नाम, विश्वविद्यालय आज ट्रायल करा रहा
