![]()
जालंधर के उदय नगर में एक दिल दहला देने वाली चोरी की वारदात सामने आई है। एक परिवार महज एक दिन के लिए धार्मिक यात्रा पर वृंदावन गया था, लेकिन जब वे वापस लौटे तो उनके होश उड़ गए। चोरों ने पूरे घर का कोना-कोना खंगालकर करीब 1.5 लाख रुपये कैश और 5 से 6 तोले सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस और एसएचओ ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
वृंदावन दर्शन करने गया था परिवार उदय नगर में रहने वाली संध्या जी ने बताया कि वे और उनका परिवार सिर्फ एक दिन के लिए वृंदावन दर्शन करने गए थे। जब वे दोपहर के समय घर वापस पहुंचे, तो बाहर का मेन गेट तो बंद था, लेकिन अंदर का नजारा देखकर सब हैरान रह गए। घर के अंदर के सभी कमरों और अलमारियों के ताले टूटे पड़े थे। चोरों ने घर के पूरे सामान को उथल-पुथल कर दिया था। अलमारियों से कपड़े बाहर फेंक दिए गए थे, यहाँ तक कि गद्दों को भी उठाकर छानबीन की गई थी। चोरों ने ड्रेसिंग टेबल के दराजों तक को तोड़कर सारा कीमती सामान खंगाल लिया था।
पीड़ित परिवार घर में ही किराने की दुकान चलाता है संध्या के अनुसार, अलमारी के कोनों में रखे लगभग डेढ़ लाख रुपये (1.5 लाख) नगद गायब थे। इसके अलावा उनके 2-3 सोने के सेट, बेटियों की बालियां, अंगूठियां, सोने की चेन, कड़े और चूड़ियों समेत लगभग 5 से 6 तोले सोना चोरी हो गया। पीड़ित परिवार घर में ही किराने की दुकान चलाता है, जिसके चलते यह नुकसान उनके लिए बहुत बड़ा झटका है। हैरानी की बात यह है कि पड़ोसियों को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। जब आसपास के लोगों से पूछा गया तो उन्होंने किसी भी तरह की संदिग्ध आवाज या हलचल से इनकार किया। प्राथमिक जांच से लगता है कि चोर घर की ऊपरी मंजिल पर बने शीशे वाले दरवाजे को तोड़कर सीढ़ियों के रास्ते अंदर घुसे थे।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया। एसएचओ और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है। पुलिस अब आसपास के घरों और रास्तों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
Source link
जालंधर में घर में चोरी,वृंदावन गया था परिवार:घर का ताला तोड़कर डेढ़ लाख कैश, सोने के गहने चोरी, पुलिस जांच में जुटी
