![]()
भिंड के भारौली थाना क्षेत्र के चितावली गांव में शुक्रवार दोपहर झिलमिल नदी में डूबे दो चचेरे भाइयों के शव शनिवार सुबह बरामद कर लिए गए। दोनों को बचाने के लिए साथ नहा रहा उनका चचेरा भाई भी नदी में उतर गया था। बहाव तेज होने पर वह भी बहने लगा, लेकिन पेड़ की जड़ पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचा ली। हादसे में प्रिंस राजावत (12) और कृष्णा राजावत (15) की मौत हो गई। पहले प्रिंस बहा, बचाने गया कृष्णा भी डूबा जानकारी के मुताबिक, चितावली निवासी प्रिंस और कृष्णा शुक्रवार दोपहर झिलमिल नदी में नहाने गए थे। उनके साथ बड़े ताऊ का बेटा शैलू भी था। नहाते समय अचानक प्रिंस नदी के तेज बहाव में बहने लगा। प्रिंस को बहता देख कृष्णा उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी पानी के बहाव की चपेट में आ गया। दोनों को बहता देख शैलू ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की। वह भी बहने लगा, लेकिन इसी दौरान उसने नदी में एक पेड़ की जड़ पकड़ ली और बाहर निकल आया। रातभर नदी किनारे तलाश करते रहे ग्रामीण हादसे की सूचना मिलते ही गांव के लोग नदी के पास पहुंच गए। स्थानीय तैराकों ने दोनों बालकों की तलाश शुरू की। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई। शुक्रवार शाम तक तलाश के बावजूद दोनों का पता नहीं चल सका। इसके बाद ग्रामीण रातभर नदी के किनारे डटे रहे। शनिवार सुबह स्थानीय तैराकों ने फिर से नदी में तलाश शुरू की। करीब 200 मीटर दूर कृष्णा का शव मिला, जबकि प्रिंस का शव घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर बरामद हुआ। फोटो में देखिए दो दिन पहले ही श्राद्ध में शामिल होने गांव आए थे ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों बच्चे दो दिन पहले अपने दादा के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने ग्वालियर से चितावली आए थे। दोनों ग्वालियर में रहकर पढ़ाई करते थे। प्रिंस छठवीं और कृष्णा दसवीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के मुताबिक, दोनों अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। शनिवार सुबह दोनों के शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
Source link
झिलमिल नदी में डूबे दोनों बालकों के शव मिले:दोस्त प्रिंस को बचाने उतरा कृष्णा भी बहा, शैलू ने पेड़ पकड़कर बचाई जान; गांव में पसरा मातम
