Headlines

धनबाद के बरवाअड्‌डा सब्जी मंडी में भीषण आग:18 दुकानें जलकर राख, दुकानदारों ने लगाया जानबूझकर आग लगाने का आरोप




बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बड़ा जमुआ स्थित मंदाकिनी उच्च विद्यालय मैदान के पास सब्जी मंडी में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने मंडी में बनी झोपड़ीनुमा दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानदारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस घटना में करीब 18 सब्जी दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। दुकानों में रखी सब्जियां समेत बिक्री के लिए रखा अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण उन्हें काफी परेशानी हुई। दमकल ने काफी मशक्कत के बाद पाया काबू घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक अधिकांश दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। बताया गया कि मंडी में बांस-बल्ली और प्लास्टिक से झोपड़ीनुमा दुकानें बनाई गई थीं, जहां प्रतिदिन सब्जियों की बिक्री होती थी। प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई। मंडी में दुकान लगाने वाले कई दुकानदारों की रोजी-रोटी इसी कारोबार पर निर्भर थी। आग में दुकानें, सब्जियां और अन्य सामान जल जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि एक ही रात में उनकी जमा पूंजी और कारोबार का बड़ा हिस्सा खत्म हो गया। दुकानदारों ने लगाया जानबूझकर आग लगाने का आरोप आग लगने के बाद सब्जी दुकानदारों ने आरोप लगाया कि किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर दुकानों में आग लगाई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। बरवाअड्डा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस आग लगने के कारणों का पता लगाने के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। दुकानदारों के अनुसार, नुकसान का आकलन होने के बाद ही आग से हुई वास्तविक क्षति का पता चल सकेगा। प्रभावित दुकानदारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित राहत उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आग में अपना कारोबार गंवाने वाले लोगों को कुछ मदद मिल सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *