![]()
अनूपपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के परसवार गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां सुबह-सुबह एक जहरीले करैत सांप के डसने से 39 साल के लल्लू सिंह की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अस्पताल से खबर मिलने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। तड़के सोकर उठे तो हुई घबराहट, बाहर बैठा था करैत परिजनों ने बताया कि लल्लू सिंह रात में रोज की तरह अपने घर में जमीन पर सोए हुए थे। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच अचानक उनकी आंख खुली। उन्हें शरीर में तेज घबराहट महसूस हो रही थी। उन्होंने अपनी पत्नी को जगाया और बताया कि तबीयत कुछ ठीक नहीं लग रही है। इसके बाद वे फ्रेश होने के लिए घर के दरवाजे से बाहर निकले। लाठी से सांप को मार डाला, पर तब तक फैल चुका था जहर जैसे ही लल्लू सिंह दरवाजे से बाहर आए, उनकी नजर पास ही गोल घेरा बनाकर बैठे एक बेहद जहरीले करैत सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही वे बुरी तरह डर गए और उनकी घबराहट और ज्यादा बढ़ गई। उन्होंने तुरंत अपनी पत्नी को आवाज लगाई और हाथ में डंडा लेकर उस करैत सांप को वहीं मार डाला। एक घंटे चला इलाज, सुबह 7 बजे थमीं सांसें सांड़ को मारने के बाद लल्लू सिंह की हालत और बिगड़ने लगी। उन्होंने पत्नी से कहा कि मुझे तुरंत अस्पताल ले चलो। पत्नी ने बिना वक्त गंवाए पड़ोसियों की मदद ली और एक प्राइवेट गाड़ी से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचीं। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचते ही तुरंत इलाज शुरू कर दिया, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। करीब एक घंटे की जद्दोजहद के बाद सुबह 7 बजे लल्लू सिंह ने दम तोड़ दिया। 6 साल की मासूम की हो चुकी माैत बता दें कि, करैत सांप का कहर इलाके में लगातार देखने को मिल रहा है। इस घटना से ठीक एक हफ्ते पहले भालूमाड़ा इलाके के भेड़वाटोला गांव में भी एक करैत सांप ने रात में सो रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को डस लिया था। उस हादसे में 6 साल की मासूम बच्ची माधवी की मौत हो गई थी, जबकि उसकी मां रेखा सिंह और पिता भानु प्रताप सिंह को कई दिनों के इलाज के बाद डॉक्टरों ने बमुश्किल मौत के मुंह से बाहर निकाला था।
Source link
अनूपपुर में सोते समय करैत सांप ने डसा:39 वर्षीय व्यक्ति की जिला अस्पताल में मौत; एक घंटे तक चला इलाज
