Headlines

डीबी अस्पताल में बालिका की सफल प्लास्टिक सर्जरी:शरीर के दूसरे हिस्सों से त्वचा लेकर गर्दन और कान की जगह लगाई




चूरू के गवर्नमेंट डीबी अस्पताल में आग से झुलसी सात वर्षीय बालिका की सफल प्लास्टिक सर्जरी की गई है। फरवरी माह में आग लगने के कारण बालिका की गर्दन और कान एक तरफ सिकुड़ गए थे, साथ ही उसका घुटना भी सीधा होना बंद हो गया था। डॉ. एम.एम. पुकार और उनकी टीम ने यह जटिल सर्जरी कर बालिका को राहत प्रदान की है। फरवरी में हुई इस घटना के बाद बालिका कविता की गर्दन एक तरफ मुड़ गई थी और कान भी अंदर की ओर सिकुड़ गया था। आग की चोटों के कारण उसका घुटना भी मुड़ना बंद हो गया था, जिससे उसे चलने-फिरने में काफी परेशानी हो रही थी। बालिका के परिजनों को रतननगर के कुछ लोगों ने डॉ. पुकार के बारे में बताया। इसके बाद परिजन एक दिन अस्पताल की ओपीडी में डॉ. एम.एम. पुकार से मिले और उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। डॉ. पुकार ने 13 जुलाई को बालिका कविता को अस्पताल में भर्ती किया। डॉ. पुकार ने अपनी टीम के साथ मिलकर बालिका की प्लास्टिक सर्जरी की योजना बनाई। बुधवार रात को कविता की दो घंटे तक सफल प्लास्टिक सर्जरी की गई। ऑपरेशन के बाद बालिका को सर्जिकल आईसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। डॉ. पुकार ने बताया कि बालिका के शरीर के दूसरे हिस्सों से त्वचा लेकर गर्दन और कान की जगह लगाई गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कुछ ही दिनों में बालिका अपना सामान्य जीवन जीने लगेगी। फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में एसआईसीयू वार्ड में है। बालिका की यह सर्जरी बुधवार रात को विश्व प्लास्टिक सर्जरी दिवस के अवसर पर की गई। इस प्लास्टिक सर्जरी को अंजाम देने वाली डॉ. पुकार की टीम में डॉ. गजानंद रसगनिया, डॉ. विनय जानू, डॉ. वेदपाल सिंह शेखावत, एनेस्थेटिक डॉ. मोनिका, नर्सिंग ऑफिसर सत्यनारायण स्वामी और देवीदान चारण शामिल थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *