Headlines

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू कल हिमाचल आएंगी:एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह में लेंगी हिस्सा, मनाली-रोहतांग भी जाएंगी, अटल टनल का ट्रैफिक प्लान बदला




राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर आ रही हैं। वह बिलासपुर स्थित एम्स के प्रथम दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद राष्ट्रपति मनाली के लिए रवाना होंगी और रात में यहीं रुकेंगी। सात अक्टूबर को राष्ट्रपति का हिडिंबा मंदिर में दर्शन और अटल टनल रोहतांग का दौरा प्रस्तावित है। आठ अक्टूबर को वह सुबह के वक्त वापस दिल्ली लौटेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए कल शाम छह बजे से परसों दोपहर 12 बजे तक किसी भी वाहन को अटल टनल से जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। इससे लोकल के साथ टूरिस्ट को भी परेशानी झेलनी पड़ सकती है। अब नयना देवी मंदिर नहीं जाएंगी राष्ट्रपति राष्ट्रपति के पहले प्रस्तावित कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। अब वह श्री नयना देवी मंदिर नहीं जाएंगी। राष्ट्रपति सीधे एम्स बिलासपुर पहुंचेंगी और फिर मनाली जाएंगी। दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षु डॉक्टरों को डिग्रियां प्रदान करेंगी। इस दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी बिलासपुर में मौजूद रहेंगे। मनाली और अटल टनल में भी कार्यक्रम राष्ट्रपति के 6 से 8 अक्टूबर तक मनाली और अटल टनल प्रवास को देखते हुए कुल्लू जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। डीसी कुल्लू डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 और 117 के तहत यातायात संबंधी आदेश जारी किए हैं। एसपी कुल्लू की ओर से तैयार ट्रैफिक प्लान के आधार पर विभिन्न मार्गों पर भारी वाहनों और अन्य वाहनों की आवाजाही को जरूरत के अनुसार प्रतिबंधित, नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा। अटल टनल में 16 घंटे बंद रहेगी वाहनों की आवाजाही 6 अक्टूबर रात 8 बजे से 7 अक्टूबर दोपहर 12 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों को अटल टनल की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। जरूरत के अनुसार इन वाहनों को प्रतिबंधित करने या वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट करने की व्यवस्था रहेगी। 7 अक्टूबर को पलचान से अटल टनल रोहतांग तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। यह व्यवस्था राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम और सुरक्षा आवश्यकताओं के मद्देनजर लागू की जाएगी। इसके अलावा 6 से 8 अक्टूबर तक रामबाग से हडिंबा मंदिर और ओल्ड मनाली की ओर सभी प्रकार के भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। बिलासपुर में भी बदला ट्रैफिक प्लान राष्ट्रपति के बिलासपुर दौरे को देखते हुए घागस और जबली क्षेत्र में भी जरूरत के अनुसार यातायात को नियंत्रित और डायवर्ट किया जाएगा। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान कुछ समय के लिए आम यातायात को रोका या वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जा सकता है। बिलासपुर में जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए बिलासपुर और कुल्लू में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एम्स परिसर, राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट और मनाली-अटल टनल क्षेत्र में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही और सुरक्षा आवश्यकताओं के दौरान अन्य वाहनों की आवाजाही को भी कुछ समय के लिए रोका, नियंत्रित या डायवर्ट किया जा सकता है। आपातकालीन वाहनों को छूट यातायात प्रतिबंधों से एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस और सुरक्षा वाहनों तथा वीवीआईपी ड्यूटी में तैनात वाहनों को छूट रहेगी। सक्षम प्राधिकारी की ओर से विशेष रूप से अधिकृत वाहनों को भी सुरक्षा आवश्यकताओं के अधीन आवाजाही की अनुमति दी जा सकेगी। प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान यातायात पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *