![]()
प्रतापगढ़ के मानधाता ब्लॉक की आशा बहू, आशा संगिनी और आशा कार्यकर्ताओं ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मानधाता पहुंचकर अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक सिंह को सौंपा। आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। वर्ष 2006 से वे पूरी निष्ठा के साथ स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रही हैं। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, टीकाकरण और शासन की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
ज्ञापन में आशा कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम मानदेय 21 हजार रुपये और आशा संगिनी का 26 हजार रुपये निर्धारित करने तथा प्रोत्साहन राशि की व्यवस्था समाप्त करने की मांग की गई। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त 10 लाख रुपये देने और पेंशन योजना लागू करने, फरवरी माह में घोषित मानदेय वृद्धि का तत्काल भुगतान करने की मांग भी शामिल है। आशा कार्यकर्ताओं ने अस्पतालों में रात्रि विश्राम के लिए अलग कक्ष का निर्माण कराने तथा क्षेत्र भ्रमण के लिए स्कूटी, मोबाइल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की। प्रदर्शन में उषा पांडेय, कंचन सिंह, गुड़िया सिंह, प्रकाशा सिंह, विभा श्रीवास्तव, अनीता सिंह, सरिता, सुनीता, निर्मला, मौसमी सिंह, कंचन पांडेय, सुमन दुबे, निशा सिंह, रीता देवी, पुष्पा मिश्रा, अल्पना देवी समेत बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
Source link
आशा कार्यकर्ताओं ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन:सरकारी कर्मचारी का दर्जा और 21 हजार रुपये मानदेय की मांग, सीएम को सौंपा ज्ञापन
