![]()
मानसा जिले के सरदूलगढ़ हल्के के गांव फत्ता मालोका में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम से पहले माहौल गरमा गया। सीएम मान से अपनी मांगों को लेकर सवाल करने जा रहे भारतीय किसान यूनियन (एकता आजाद) के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने भारी बैरिकेडिंग लगाकर रास्ते में ही रोक दिया और हिरासत में ले लिया। किसानों को हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर ले जाने के बाद किसान नेताओं में भारी रोष देखा गया। किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने सरकार की ‘लोक मिलनी’ की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ राज्य सरकार जनता से सीधे संवाद और समस्याओं के समाधान के लिए ‘लोक मिलनी’ जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है, वहीं दूसरी ओर जायज मांगों और सवालों के जवाब मांगने आ रहे अन्नदाताओं को पुलिस बल के दम पर रोका और गिरफ्तार किया जा रहा है। हिरासत में लिए जाने के बाद किसान नेता जगदेव सिंह ने पंजाब सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन के दौरान चोरी व क्षतिग्रस्त हुए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य सामान का मुआवजा सरकार ने अभी तक नहीं दिया है। इसके अलावा, राज्य में आई बाढ़ के कारण किसानों की बर्बाद हुई फसलों और गरीब परिवारों के क्षतिग्रस्त मकानों के मुआवजे का वादा भी अधर में लटका हुआ है। किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे पुलिसिया दमन और गिरफ्तारियों से डरने वाले नहीं हैं। अपनी मांगों, चोरी हुए सामान के मुआवजे और बाढ़ राहत राशि के भुगतान के लिए वे आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ अपना विरोध और संघर्ष लगातार जारी रखेंगे।
Source link
मानसा में मान की ‘लोक मिलनी’-मिलने जा रहे किसान गिरफ्तार:बॉर्डर पर चोरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का हिसाब मांगने पहुंचे, बैरिकेड लगाकर पकड़ा
