.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर CM ऑफिस से जुड़ी रही। मुख्यमंत्री के ऑफिस से जुड़े सरकारी टेंडर, ट्रांसफर-पोस्टिंग समेत कई मामलों में कथित करप्शन के मामले की जांच अब CBI करेगी। हाईकोर्ट ने इसकी जांच CBI को सौंपी है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. CM ऑफिस में कथित करप्शन की जांच CBI करेगी

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ED के बाद CBI की भी एंट्री हो गई है। पंजाब के मुख्यमंत्री के ऑफिस से जुड़े सरकारी टेंडर, ट्रांसफर-पोस्टिंग समेत कई मामलों में कथित करप्शन के मामले की जांच अब CBI करेगी। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने सोमवार को केंद्रीय जांच एजेंसी को जांच सौंप दी। कोर्ट ने CBI को इस मामले में केस दर्ज कर 2 महीने के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है। कोर्ट ने इसे गंभीर प्रकृति का मामला माना है।
चीफ जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा और जस्टिस रोहित कपूर की पीठ ने कहा- पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस निष्पक्ष जांच करने में CBI को हरसंभव मदद करेंगे।
यह फैसला एडवोकेट निखिल सर्राफ की तरफ से दायर याचिका पर आया है। याचिका में कहा गया कि ED की तरफ से सीएम भगवंत मान के OSD राजबीर सिंह घुम्मन के खिलाफ लगे आरोपों को लेकर DGP को चिटि्ठयां भेजी गई थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। (पढ़ें पूरी खबर)
2. हाईकोर्ट ने बकाया DA पर सरकार को फटकारा

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने सरकारी मुलाजिमों के बकाया DA के मामले में सोमवार को सुनवाई के दौरान कड़ा रुख दिखाया। हाईकोर्ट ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर करने के मामले में तथ्यों को गलत तरीके से पेश कर रही है।
कोर्ट ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट जाना आपका अधिकार है लेकिन ट्वीट कर फैसले को चुनौती देंगे तो हम इसकी तारीफ नहीं करेंगे। सरकार खुद के लिए कड़ी कार्रवाई की स्थिति पैदा कर रही है। हाईकोर्ट ने यहां तक कहा कि अब बहुत हो चुका, अब और लुका-छिपी नहीं चल सकती।
कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई कल यानी मंगलवार को तय कर दी। वहीं चीफ सेक्रेटरी केएपी सिन्हा को भी कल कोर्ट में हाजिर रहने को कहा है। बता दें कि 3 अगस्त को हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार को कर्मचारियों और पेंशनरों को IAS, IPS और IFS अधिकारियों के बराबर लंबित DA/DR देने को कहा था। कोर्ट ने यहां तक कहा था कि बकाया देने तक सरकार बड़े स्तर पर एडवरटाइजमेंट जैसे खर्च भी बंद करे। (पढ़ें पूरी खबर)
3. ममेरी बहन से शादी करने पर युवक की हत्या

तरनतारन में मामा की लड़की से लव मैरिज करने पर युवक की हत्या कर दी गई, जबकि उसके पिता की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। लड़की के परिजनों ने घर आकर पिता और बेटे को गोली मार दी।
इसके बाद गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए अमृतसर के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया था, जहां पर इलाज के दौरान बेटे ने दम तोड़ दिया। उसने करीब डेढ़ महीने पहले ही शादी की थी।
घटना झबल थाना क्षेत्र के पंजवार गांव की है, मृतक की पहचान अमृतपाल के नाम से हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि अभी कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)
4. मंत्री अरोड़ा बोले-परगट को राहुल गांधी टाइम नहीं दे रहे

पंजाब कांग्रेस के नए चीफ परगट सिंह आज दिल्ली में राहुल गांधी से मिलेंगे। परगट सिंह प्रधान बनाए जाने के बाद अभी तक दिल्ली में ही डटे हुए हैं। इस दौरान वह कांग्रेस के हर उस नेता से मिल रहे हैं, जिनका किसी न किसी तरह से पंजाब से कनेक्शन है। माना जा रहा है कि इसके जरिए वह पार्टी के भीतरी विरोधियों के लिए दिल्ली दरबार का रास्ता बंद कर रहे हैं।
राहुल गांधी की परगट से मुलाकात के पहले सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने तंज कसा। उन्होंने कहा है कि परगट सिंह को राहुल गांधी मिलने का टाइम ही नहीं दे रहे हैं। इसलिए, परगट पंजाब प्रधान बनने के 4 दिन बाद भी पंजाब नहीं आ पाए।
इस पर पलटवार करते हुए परगट सिंह ने कहा कि इनके पास मेरे खिलाफ कहने को कुछ नहीं है। आम आदमी पार्टी की किश्ती डूबने वाली है। थोड़ा इंतजार करें। (पढ़ें पूरी खबर)
5. बेकाबू होकर बस पलटी, 4 लोगों की मौत

नवांशहर में एक प्राइवेट बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में 41 सवारियां सवार थी, जो मनाली से अमृतसर आ रही थी।
हादसा सोमवार सुबह करीब 5 बजे बंगा के पास गांव मजारी में हुआ। ड्राइवर को नींद की झपकी आने से बस बेकाबू हो गई, फ्लाईओवर की रेलिंग तोड़ते हुए सर्विस रोड पर जाकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए।
बंगा सदर थाने के आईओ संदीप कुमार ने बताया कि बस ड्राइवर विवेक कुमार को अरेस्ट कर लिया गया है, जो हिमाचल के मंडी का रहने वाला है। मरने वाले लोगों में से 2 की पहचान हो गई है। जिसमें अमृतसर के साहिबजादा जुझार सिंह नगर के विशाल रत्तु (30) और ज्योत्सना जॉर्ज केरला शामिल हैं। 2 की अभी पहचान नहीं हो पाई है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. SIT के सामने पेश नहीं हुए ब्रिकम मजीठिया

शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ड्रग्स मामले में पूछताछ के लिए SIT के सामने पेश नहीं हुए। उन्हें 5 अक्टूबर को पेश होने के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन उनकी जगह वकील पहुंचे।
मामला करीब 6 हजार करोड़ रुपए के ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ा है। SIT की जांच में पुराने बयानों के साथ ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन और मामले की कड़ियों की पड़ताल की जा रही है। बर्खास्त DSP जगदीश सिंह भोला का नाम भी ड्रग रैकेट की जांच से जुड़ा रहा है। 20 दिसंबर 2021 को पंजाब पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बिक्रम मजीठिया के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत FIR दर्ज की थी। (पढ़ें पूरी खबर)
7. पुलिस ने अपने SI-ASI से करप्शन की धाराएं हटाई

चंडीगढ़ में 661 करोड़ रुपए के बैंक घोटाले के मास्टरमाइंड को चेकअप के बहाने होटल में ऐश कराने वाले SI और ASI पर लगी करप्शन की धारा को पुलिस ने हटा लिया है। पुलिस ने इस मामले में चंडीगढ़ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। जिसमें घोटाले के मास्टरमाइंड विक्रम वधवा, उसके 2 बेटों और 2 पुलिस कर्मचारियों को आरोपी ठहराया गया है।
हालांकि इसी में केस दर्ज करते वक्त SI-ASI पर लगी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा-7 और 8 हटा दी गई। कोर्ट ने पुलिस के इस फैसले को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए डीएसपी सेंट्रल एसपीएस सोंधी को आज कोर्ट में तलब किया है।
कोर्ट ने DSP से जवाब मांगा कि चार्जशीट से करप्शन की धाराएं क्यों हटाई गईं। इससे पहले शनिवार शाम को भी डीएसपी कोर्ट में पेश हुए थे लेकिन उनके जवाब से कोर्ट संतुष्ट नहीं हुई। इस मामले में आज ही सुनवाई होगी। (पढ़ें पूरी खबर)
8. हेरोइन के साथ सिपाही को गिरफ्तार किया

लुधियाना के खन्ना में पुलिस ने अपने ही सिपाही को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया हैं। वहीं एक होमगार्ड नशे में धुत मिला। उसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक अधिकारियों को पुलिस के कर्मचारी के नशा तस्करों के साथ संबंध होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने जाल बिछाकर अपने ही सिपाही को 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
पकड़ा गया सिपाही अरुण शर्मा खन्ना में ही तैनात है। सामाने आया है कि अरुण शर्मा न केवल खुद लंबे समय से नशे का सेवन कर रहा है, बल्कि हेरोइन बेचने के धंधे में भी संलिप्त है। आरोपी सिपाही के खिलाफ थाना सिटी-2 खन्ना में मामला दर्ज कर लिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. बेटे के केस में कांग्रेस नेता गिरफ्तार

अमृतसर में कांग्रेस नेता और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन दिनेश बस्सी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन पुलिस ने 50 लाख रुपए के धोखाधड़ी के मामले में पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की। यह केस बस्सी के बेटे और उसके दोस्त के खिलाफ दर्ज है।
बस्सी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस के पार्षदों ने थाने के बाहर धरना दिया। कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला भी धरने में पहुंचे। इस दौरान थाने का दरवाजा भी बंद कर दिया गया।
पुलिस ने दिनेश बस्सी के बेटे और उसके दोस्त के खिलाफ 50 लाख रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया था। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बस्सी से पूछताछ की और इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।(पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके
10. सिद्धू बोले- मैं श्मशान घाट से सिक्के चुराता था

पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने कपिल शर्मा के शो में अपने बचपन का एक किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि यह बात करीब 1973-74 की है, जब उनके पिता उन्हें दूध-जलेबी खाने के लिए 25 पैसे यानी चवन्नी दिया करते थे।
उन्होंने कहा कि कई बार ज्यादा जलेबी खाने का मन करता था। हमें पता चला कि श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के समय लोग चवन्नी, अठन्नी और दूसरे सिक्के छोड़ जाते हैं। इसके बाद मैं दोस्तों के साथ रात में श्मशान घाट जाता था और वहां पड़े सिक्के इकट्ठे करके उन पैसों से दूध-जलेबी खाता था।
सिद्धू ने कहा कि कुछ समय बाद पंडित को इसकी जानकारी हो गई और उन्होंने हमें सिक्के उठाने से रोक दिया। बाद में पंडित खुद ही वहां पड़े सिक्के इकट्ठे करने लगे। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
