Headlines

Pakistan Champions Withdraw From WCL 2026


9 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पाकिस्तान चैंपियंस ने सोमवार को वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के तीसरे सीजन से नाम वापस ले लिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टीम को टूर्नामेंट में खेलने के लिए NOC देने पर कुछ शर्तें रखी थीं।

सूत्रों के मुताबिक, इनमें पिछले साल के विवाद को लेकर भारतीय खिलाड़ियों से लिखित माफी और इस बार दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक की सहमति शामिल थी।

WCL आयोजन समिति ने PCB की इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया। सूत्रों के मुताबिक, आयोजकों ने PCB की व्यावसायिक शर्तें स्वीकार कर ली थीं, लेकिन लिखित माफी और हैंडशेक की मांग नहीं मानी। इसके बाद पाकिस्तान चैंपियंस ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया।

पिछले सीजन भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेला था

पिछले सीजन पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया था। इसके चलते ग्रुप स्टेज का मुकाबला रद्द हो गया था। सेमीफाइनल में भी भारतीय टीम मैदान पर नहीं उतरी, जिसके बाद पाकिस्तान को वॉकओवर मिला और वह फाइनल में पहुंच गया था। हालांकि, फाइनल में उसे साउथ अफ्रीका से हार मिली थी।

पिछले सीजन भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक भी नहीं हुआ था। इसी घटनाक्रम के बाद PCB की ओर से इस बार हैंडशेक और लिखित माफी की शर्त रखे जाने की बात सामने आई है।

NOC नहीं मिलने से टूर्नामेंट से हटे

पाकिस्तान चैंपियंस ने अपने आधिकारिक बयान में PCB की शर्तों या भारतीय खिलाड़ियों से माफी की मांग का जिक्र नहीं किया। टीम ने कहा कि PCB की ओर से जरूरी NOC जारी नहीं किए जाने के कारण वह WCL में हिस्सा नहीं ले पाएगी।

टीम ने बयान में कहा, पाकिस्तान चैंपियंस को यह बताते हुए अफसोस है कि टीम मौजूदा वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में हिस्सा नहीं ले पाएगी। यह फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के जरूरी NOC जारी करने से इनकार कायम रखने के बाद लिया गया है। हम PCB के अधिकार और उसके फैसले का सम्मान करते हैं।

भारत-पाकिस्तान मैच भी रद्द

WCL के तीसरे सीजन के शेड्यूल में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला 10 अक्टूबर को होना था। पाकिस्तान के हटने के बाद यह मैच नहीं खेला जाएगा। पाकिस्तान को सोमवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी मुकाबला खेलना था, लेकिन यह मैच आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया।

बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान का शुरुआती मैच भी तकनीकी कारणों से टाल दिया गया था। उस समय टीम के NOC का इंतजार किए जाने की बात सामने आई थी।

शाहिद अफरीदी थे पाकिस्तान टीम के कप्तान

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी को WCL के तीसरे सीजन में पाकिस्तान चैंपियंस की कप्तानी करनी थी। हालांकि, वह बांग्लादेश के खिलाफ टीम के शुरुआती मुकाबले के लिए UAE में मौजूद नहीं थे। पाकिस्तान चैंपियंस WCL के पिछले दोनों सीजन में उपविजेता रही थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *