![]()
हांसी में पुलिस की सीआईए-1 दो अलग-अलग मामलों में 2 युवकों को अवैध देसी कट्टों के साथ गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई में पुलिस ने एक युवक को मां की हत्या की नीयत से हथियार लेकर घूमते हुए वारदात से पहले दबोच लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद किए। दूसरी कार्रवाई में भी एक युवक से अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, सीआईए-1 प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि सिकंदर उर्फ खान निवासी विकास नगर, हांसी राधिका फैक्ट्री के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे काबू कर लिया। अपनी मां की हत्या करने को लाया हथियार तलाशी के दौरान उसके लोअर से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी मां की हत्या करने की नीयत से हथियार लेकर आया था। पुलिस की कार्रवाई से वह वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ा गया। इस संबंध में थाना शहर हांसी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उमरा रोड पर दूसरे आरोपी से कट्टा बरामद दूसरी कार्रवाई में सीआईए-1 टीम ने सूचना के आधार पर आर्यन निवासी 4 कुतुब गेट, हांसी को उमरा रोड पर दोनों नहरों के बीच वाली पटड़ी से गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी हथियार का कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर थाना शहर हांसी में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सीआईए-1 प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस का प्रयास है कि ऐसे लोगों को किसी वारदात को अंजाम देने से पहले ही काबू किया जाए, ताकि अवैध हथियारों के जरिए होने वाले अपराधों पर रोक लगाई जा सके। दोनों कार्रवाइयों में बरामद हथियारों को नियमानुसार कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है।
Source link
मां की हत्या करने जा रहा युवक काबू:हांसी में वारदात से पहले दबोचा, देसी कट्टा बरामद; दूसरे युवक को भी हथियार सहित पकड़ा
