Headlines

डिलीवरी के बाद नवजात लापता, 2 अज्ञात महिलाओं पर शक:घर पर अकेली थी 8 माह की गर्भवती महिला; मदद के लिए पहुंची थीं महिलाएं




बेमेतरा जिले में प्रसव के बाद नवजात के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना 3 अक्टूबर की दोपहर की है। करीब 8 माह की गर्भवती महिला घर पर अकेली थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसकी मदद के लिए दो अज्ञात महिलाएं पहुंचीं। महिला के मुताबिक, दोनों ने उसका प्रसव कराया। इसी दौरान वह बेहोश हो गई। होश आने पर नवजात उसके पास नहीं था। परिजनों के मुताबिक, दोनों महिलाएं गांव के बाहर की थीं और महिला उन्हें पहले से नहीं पहचानती थी। घटना के समय महिला का पति बकरी चराने के लिए बाहर गया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे गांव में पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जेवरा का है। महिला का दावा- दवा पिलाने के बाद हो गई थी बेहोश महिला और उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि मदद के लिए पहुंची दोनों महिलाओं ने उसे कोई दवा पिलाई थी। इसके बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान उसका प्रसव कराया गया। जब उसे होश आया तो दोनों महिलाएं और नवजात वहां मौजूद नहीं थे। हालांकि, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। महिला को दवा पिलाए जाने और उसके बाद बेहोश होने के दावे की भी पुष्टि की जा रही है। SP बोले- मामला गंभीर, विशेष टीम गठित एसपी त्रिलोक बंसल ने बताया कि पीड़िता तीजन बाई वर्मा (30) ने सम्बलपुर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 1 बजे प्रसव पीड़ा होने पर दो अज्ञात महिलाएं उसके घर पहुंचीं। दोनों ने प्रसव कराने में मदद की। महिला के मुताबिक, प्रसव के बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर नवजात वहां नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तीन टीमों को जांच में लगाया एसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है। एक टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। दूसरी टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। तीसरी टीम महिला के मेडिकल परीक्षण और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पहले दो बार मिसकैरेज की बात भी सामने आई एसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में महिला के पहले दो बार गर्भधारण और दोनों बार मिसकैरेज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस नवजात का पता लगाने और प्रसव के दौरान मौजूद दोनों महिलाओं की पहचान करने पर है। नवजात कहां गया, महिला को कौन-सी दवा दी गई और प्रसव कराने पहुंची दोनों महिलाओं की भूमिका क्या थी, इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *