Headlines

देश के पावर सेक्टर से एकमात्र विशेषज्ञ अधिकारी:राष्ट्रीय तकनीकी समिति में एमपी ट्रांसको के राजेश गुप्ता सदस्य नामित




मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको), जबलपुर के अतिरिक्त मुख्य अभियंता और मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता को एक राष्ट्रीय तकनीकी समिति में सदस्य नामित किया गया है। नेशनल क्रिटिकल इन्फॉर्मेशन इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोटेक्शन सेंटर (NCIIPC) और क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) द्वारा गठित यह समिति देश के विद्युत क्षेत्र की साइबर सुरक्षा से संबंधित है। गुप्ता देश भर के सभी भार प्रेषण केंद्रों और राज्य स्तरीय विद्युत संस्थाओं में से चुने गए एकमात्र विशेषज्ञ अधिकारी हैं। यह प्रतिष्ठित तकनीकी समिति देश की महत्वपूर्ण सूचना अवसंरचना (CII) की सुरक्षा और मूल्यांकन के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ‘कॉनफॉर्मिटी असेसमेंट फ्रेमवर्क’ (CAF) तैयार करेगी। इसका उद्देश्य पावर सेक्टर को बढ़ते साइबर खतरों और डिजिटल हमलों से बचाना है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस चयन को मध्य प्रदेश की तकनीकी दक्षता और विद्युत क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति की राष्ट्रीय पहचान बताया। राजेश कुमार गुप्ता वर्तमान में जबलपुर स्थित राज्य भार प्रेषण केंद्र (एसएलडीसी) में मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। उनके नेतृत्व में एमपी-एसएलडीसी की साइबर सुरक्षा प्रणाली को भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार मजबूत किया गया है, जो देश के अग्रणी मॉडलों में से एक है। इसके अतिरिक्त, वह विद्युत मंत्रालय के उस राष्ट्रीय कार्य समूह के भी सदस्य हैं, जो देश के लोड डिस्पैच केंद्रों के लिए आईटी-ओटी (IT-OT) अभिसरण आर्किटेक्चर का खाका तैयार कर रहा है। इस उच्चस्तरीय राष्ट्रीय समिति में आईआईटी मद्रास, डीआरडीओ और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) जैसे देश के शीर्ष तकनीकी संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल हैं। ऊर्जा मंत्री ने राजेश गुप्ता को इस उपलब्धि पर बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि उनका अनुभव तथा विशेषज्ञता देश की महत्वपूर्ण विद्युत अवसंरचनाओं को साइबर हमलों से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *