हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के धुसाड़ा (अंब) से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां उत्तर प्रदेश से धार्मिक यात्रा पर आया एक श्रद्धालु परिवार एक ढाबे पर चाय-नाश्ता करने के बाद अपने 8 साल के मासूम बच्चे को वहीं भूल गया और टैम्पो ट्रैवलर में सवार हो
.
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश का यह परिवार हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों के दर्शन के लिए आया हुआ था। मंगलवार सुबह वे अंब के धुसाड़ा स्थित एक ढाबे पर चाय-नाश्ते के लिए रुके। नाश्ता करने के बाद परिवार जल्दबाजी में टैम्पो ट्रैवलर में बैठकर आगे के सफर पर निकल गया और उन्हें ध्यान ही नहीं रहा कि उनका 8 साल का बेटा गाड़ी में नहीं चढ़ा है।
जब बच्चे ने अपने माता-पिता और गाड़ी को गायब देखा तो वह ढाबे पर अकेला रोने लगा। मासूम को बिलखता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत अंब पुलिस को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने खंगाले CCTV कैमरे, टैम्पो ट्रैवलर ट्रेस कर दी सूचना
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए अंब चौक पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की और उस टैम्पो ट्रैवलर का नंबर ट्रेस कर लिया।
गाड़ी के नंबर के जरिए पुलिस ने पहले ट्रैवलर के मालिक और फिर चालक से संपर्क साधा। जब चालक ने परिजनों को बताया कि उनका बच्चा पीछे ढाबे पर ही छूट गया है, तब जाकर परिजनों को इसका अहसास हुआ। उस वक्त तक वे करीब 80 किलोमीटर का सफर तय कर चुके थे।
कागजी कार्रवाई के बाद सुरक्षित सौंपा बच्चा
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि परिजनों को तुरंत वापस बुलाया गया और सभी आवश्यक कागजी व कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद मासूम को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को पाकर भावुक हुए परिजनों ने पुलिस और स्थानीय लोगों का दिल से आभार व्यक्त किया।
