रेवाडी15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सीसीटीवी में दिखाई देता चोर।
रेवाड़ी शहर के गढ़ी बोलनी रोड पर कसोला चौक के नजदीक चोर टाइल्स शोरूम का ताला तोड़कर अंदर घुस गया और अलमारी में रखे 2.23 लाख रुपए चोरी कर ले गया। चोर मोटरसाइकिल से बनाए गए रिक्शा के जुगाड़ पर शोरूम तक पहुंचा था। शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरे में आरोपी ताला तोड़कर अंदर घुसते और चोरी करते साफ नजर आ रहा है। वहीं, दूसरी दुकान के कैमरे की फुटेज में शोरूम के पीछे रिक्शा के पास तीन अन्य लोग बैठे दिखाई दे रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस की ERV मौके पर पहुंची और घटनास्थल की वीडियोग्राफी भी की, लेकिन अभी तक चोरी की FIR दर्ज नहीं की गई थी।
गढ़ी बोलनी रोड पर देवेंद्र ने रोहित टाइल्स एवं सैनेटरी के नाम से शोरूम किया हुआ है। रविवार रात वह शोरूम बंद करके घर चला गया था। रात में उसे शोरूम के शटर का ताला टूटे होने की सूचना मिली। इसके बाद वह मौके पर पहुंचा तो शोरूम के अंदर अलमारी का ताला भी टूटा मिला। अलमारी में रखे 2.23 लाख रुपए गायब थे। चोर शोरूम से अन्य सामान नहीं ले जा सका।

शोरूम के अंदर घुसता चोर।
मोटरसाइकिल से बनाए रिक्शा के जुगाड़ से पहुंचा
देवेंद्र ने शोरूम के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की तो एक युवक मोटरसाइकिल से बनाए गए रिक्शा का जुगाड़ लेकर शोरूम पर आता दिखाई दिया। इसके बाद उसने शटर का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल होकर अलमारी का ताला तोड़ दिया। फुटेज में आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देता साफ नजर आ रहा है। देवेंद्र ने फुटेज पुलिस को भी उपलब्ध कराई है।
दूसरी दुकान के कैमरे में तीन लोग भी दिखे
शोरूम के पास लगी दूसरी दुकान के CCTV कैमरे की फुटेज में तीन अन्य लोग शोरूम के पीछे की तरफ रिक्शा के पास बैठे दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में पुलिस अब शोरूम के CCTV के साथ आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस की ERV मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी की और देवेंद्र को थाने में शिकायत देने के लिए कहा। देवेंद्र ने कसोला थाने में शिकायत भी दे दी, लेकिन सोमवार शाम तक पुलिस ने चोरी का केस दर्ज नहीं किया था।

सीसीटीवी में दिखाई देता चाेर।
आरोपियों की पहचान का किया जा रहा है प्रयास:
SHO कसोला सतीश कुमार ने बताया कि चोरी की शिकायत मिल चुकी है। CCTV फुटेज में नजर आ रहे आरोपी की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया जाएगा।

