Headlines

मुजफ्फरपुर- मंदिर में पुजारी की संदिग्ध मौत:अंदर से बंद था दरवाजा, फर्श पर मिली 80 साल के महंत की लाश; मुंह से झाग निकल रहा था




मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मंदिर के महंत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बालूघाट रोड स्थित मंदिर परिसर में 80 वर्षीय महंत महावीर दास का शव फर्श पर पड़ा मिला। खास बात यह है कि मंदिर का गेट अंदर से बंद था। महंत के मुंह से झाग भी निकल रहा था। इससे मौत को लेकर तरह-तरह की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। सुबह मंदिर का दरवाजा नहीं खुला और पूजा-पाठ भी शुरू नहीं हुआ तो स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो महंत का शव मंदिर परिसर के अंदर फर्श पर पड़ा था। इसके बाद आसपास के लोगों को जानकारी दी गई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर सिकंदरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL की टीम को भी सूचना दी है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। लंबे समय से मंदिर में रहकर करते थे पूजा-पाठ महंत महावीर दास लंबे समय से इसी मंदिर में रहते थे और मंदिर की देखरेख के साथ पूजा-पाठ किया करते थे। वह मंदिर परिसर में अकेले रहते थे। पंडित रंजीत नारायण तिवारी ने बताया कि सुबह महंत की मौत की जानकारी मिली। महावीर दास लंबे समय से यहां रह रहे थे और धार्मिक कार्यों में लगे रहते थे। पिछले कुछ महीनों से उनकी तबीयत खराब चल रही थी और दवा भी चल रही थी। उन्होंने कहा कि महंत की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी अभी नहीं है। उनके किसी व्यक्ति से विवाद की बात भी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। गेट अंदर से बंद, मौत की वजह पर पुलिस की नजर सिकंदरपुर थाना प्रभारी राकेश मोहन ने बताया कि मंदिर परिसर में महंत का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मंदिर का गेट अंदर से बंद था और शव फर्श पर पड़ा था। घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को सूचना दी गई है। टीम के पहुंचने के बाद घटनास्थल की जांच और साक्ष्य संकलन किया जाएगा। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महंत की मौत बीमारी की वजह से हुई, किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। हत्या की आशंका समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *