![]()
इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और शहर की छवि को लेकर बुधवार को रेसीडेंसी कोठी में बैठक हुई। मध्यप्रदेश राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट दर्जा प्राप्त प्रताप करोसिया, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कर्मचारी संगठनों और वाल्मीकि समाज की पंचायतों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। हम निगम के साथ, छवि खराब करने वाली गतिविधियां स्वीकार नहीं प्रताप करोसिया ने कहा कि इंदौर की स्वच्छता व्यवस्था और शहर की छवि को प्रभावित करने वाली मौजूदा परिस्थितियों में चारों पंचायतें और कर्मचारी यूनियन नगर निगम के साथ हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूनियन या समाज के संगठन इस आंदोलन के साथ नहीं हैं और न ही उनका इन गतिविधियों से कोई संबंध या समर्थन है। स्वच्छता व्यवस्था और शहर की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियां किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएंगी। करोसिया ने कहा कि इंदौर की सभी ट्रेड यूनियनों और चारों पंचायतों ने ऐसे तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास का समर्थन नहीं किया जाएगा। कर्मचारी संगठन और पंचायतें नगर निगम प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर शहरहित में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी। इंदौर की छवि खराब करने वाले कृत्य पर होगी कार्रवाई कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में देशभर में जो प्रतिष्ठा हासिल की है, उसे बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कर्मचारी यूनियनों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है। स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने या इंदौर की छवि खराब करने वाले किसी भी कृत्य को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित नहीं होने देंगे निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में देश में अग्रणी है। इस प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए नगर निगम प्रशासन, कर्मचारी संगठन और समाज की सभी पंचायतें मिलकर काम करेंगी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था सुचारु रखने और जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए सभी संगठनों और पंचायतों ने प्रशासन के साथ समन्वय व सहयोग का आश्वासन दिया है। किसी भी परिस्थिति में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। वाल्मीकि सेना का प्रतिनिधिमंडल अपर आयुक्त से मिला इधर, वाल्मीकि सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर संतोष कल्याणे ने बताया कि वे बुधवार शाम निगम आयुक्त से मिलने स्मार्ट सिटी ऑफिस पहुंचे, लेकिन आयुक्त से मुलाकात नहीं हो सकी। उनकी जगह अपर आयुक्त ने उनसे चर्चा की, लेकिन सहमति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि सेना की ओर से घोषित पांच दिन की हड़ताल जारी रहेगी। दो दिन बाद आगे की रूपरेखा तय की जाएगी। मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा सकती है। सफाई मित्रों को रोका तो होगी कार्रवाई, फुटेज के आधार पर FIR इधर, स्वास्थ्य विभाग के अमले के साथ भी निगम आयुक्त ने बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी सफाई मित्र को काम पर आने से रोका गया या उसके काम में किसी तरह का अवरोध किया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होगी। CCTV में घटना कैद होने पर फुटेज के आधार पर FIR भी दर्ज कराई जाएगी। निगम आयुक्त ने कर्मचारियों से कहा कि वे सुबह से अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड में रहें और सफाई व्यवस्था पर लगातार नजर रखें। किसी भी क्षेत्र में सफाई को लेकर लापरवाही या कमी नहीं मिलनी चाहिए।
Source link
इंदौर की सफाई व्यवस्था पर बैठक:करोसिया बोले- निगम के साथ हैं कर्मचारी संगठन, छवि खराब करने वाली गतिविधियां मंजूर नहीं
