![]()
कोटा के अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क की करीब 23 साल की बाघिन ‘महक’ के स्वास्थ्य को लेकर वन विभाग ने विशेष निगरानी शुरू की है। बढ़ती उम्र को देखते हुए बाघिन की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति का नियमित मूल्यांकन करने के लिए समिति गठित की गई है। समिति का गठन CCF मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व, कोटा डॉ. टी. मोहनराज ने किया है। समिति में सहायक वन संरक्षक अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क पंकज मीणा, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व डॉ. अखिलेश कुमार पांडे और वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी बायोलॉजिकल पार्क कोटा डॉ. त्रिलोक गोचर शामिल हैं। बाघिन की स्वास्थ्य जांच की समिति के सदस्यों ने अभेड़ा पार्क पहुंचकर बाघिन महक का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण और निरीक्षण किया। इस दौरान उसकी श्वसन दर सहित अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक पैरामीटर की जांच की गई। वन विभाग के अनुसार जांच में सभी प्रमुख पैरामीटर उसकी उम्र के अनुरूप सामान्य सीमा में पाए गए। वर्तमान परीक्षण के आधार पर महक की सामान्य स्वास्थ्य स्थिति संतोषजनक बताई गई है। ज्यादा उम्र होने पर डाइट प्लान बदला बाघिन की ज्यादा उम्र और शारीरिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उसके आहार में जरूरी बदलाव किए गए हैं। इसमें पोषक सप्लीमेंट्स भी शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही उसके आवास क्षेत्र में भी आवश्यक परिवर्तन किए गए हैं, ताकि उसे उम्र के अनुरूप आरामदायक और अनुकूल वातावरण मिल सके। वन विभाग के अनुसार महक के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी जारी रहेगी। समय-समय पर चिकित्सकीय परीक्षण कर उसकी जरूरत के अनुसार उपचार, पोषण और प्रबंधन संबंधी उपाय किए जाएंगे।
Source link
कोटा अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में बाघिन ‘महक’ की बढ़ाई निगरानी:स्वास्थ्य जांच में सभी पैरामीटर सामान्य मिले, 23 साल उम्र को लेकर डाइट प्लान बदला
