रायपुर40 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चुनाव में कथित वोट चोरी, मतदाता सूची में अनियमितताओं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर INDIA गठबंधन के सहयोगी दल आज रायपुर में संयुक्त विरोध-प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन 8 अक्टूबर को शाम 4 बजे आंबेडकर चौक पर होगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस के साथ सीपीआई, सीपीएम, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा सिविल सोसाइटी और बुद्धिजीवी वर्ग के नागरिकों के भी प्रदर्शन में शामिल होने की बात कही गई है।
गठबंधन की ओर से लगातार विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कथित वोट चोरी के आरोपों का मुद्दा उठाया जा रहा है। इसके साथ ही ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी, लोकतंत्र को मजबूत करने, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की मांग भी प्रदर्शन में उठाई जाएगी।
SIR और मतदाता सूची का मुद्दा भी रहेगा प्रमुख
प्रदर्शन के दौरान मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और मतदाताओं के अधिकारों से जुड़े सवाल उठाए जाएंगे। हाल के दिनों में INDIA गठबंधन की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर विरोध दर्ज कराया गया है। रायपुर के प्रदर्शन में भी इन्हीं मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
गठबंधन से जुड़े दलों के प्रतिनिधियों ने 30 सितंबर को हुई INDIA गठबंधन की बैठक में संयुक्त चुनावी मुद्दों पर चर्चा की थी। इसके बाद अब सभी सहयोगी दलों की ओर से रायपुर में यह संयुक्त प्रदर्शन किया जा रहा है।
कहां और कब होगा प्रदर्शन
स्थान: आंबेडकर चौक, रायपुर
तारीख: 8 अक्टूबर 2026, गुरुवार
समय: शाम 4 बजे
आयोजक: INDIA गठबंधन के सहयोगी दल

