![]()
दिल्ली में राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के सांसदों के साथ कथित दुर्व्यवहार और पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को बैतूल जिले में काला दिवस मनाया। जिला मुख्यालय समेत सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक पुतला भी जलाया गया। देखें तस्वीरें… अंबेडकर चौक से निकला विरोध मार्च
बैतूल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में अंबेडकर चौक से विरोध जनमार्च निकाला गया। मार्च कारगिल चौक होते हुए शहीद दीपक स्तंभ और पीपल चौक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। 8 ब्लॉक मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन
मुलताई, आमला, आठनेर, सारनी, शाहपुर, भैंसदेही, भीमपुर और प्रभात पट्टन में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पुतले जलाए। आमला में शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजयसिंह सोलंकी के नेतृत्व में अंबेडकर प्रतिमा स्थल से जनपद चौक तक पुतले की शवयात्रा निकाली गई। पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमाझटकी हुई। दमकल ने पानी की बौछार कर आग बुझाई। राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस ने नायब तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें दिल्ली में हुए घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली की पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक आवाज दबाने का प्रयास बताया और विरोध दर्ज कराया।
Source link
बैतूल में चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका:आमला में पुलिस के साथ झूमाझटकी, 8 ब्लॉक मुख्यालयों पर भी किया प्रदर्शन
