Headlines

CBI रेड पर बोले सीएम भगवंत मान:कहा- भाजपा ने शुरू कर दी चुनावी मुहिम, छापेमारी संकेत है कि चुनाव तय समय पर होंगे




पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस पर सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन की रेड के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। इस कार्रवाई पर तीखा कटाक्ष करते हुए सीएम भगवंत मान ने कहा है कि यह इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पंजाब में विधानसभा चुनाव समय पर ही होंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर केंद्रीय जांच एजेंसियों के जरिए राज्य में अपनी चुनावी मुहिम की अनौपचारिक शुरुआत करने का गंभीर आरोप लगाया है। भाजपा ने दिल्ली, बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी अपनाया था यही फॉर्मूला प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री मान ने दावा किया कि भाजपा केंद्रीय जांच एजेंसियों के माध्यम से पंजाब में डर का माहौल बनाकर चुनी हुई सरकार की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पुरानी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, भाजपा ने दिल्ली, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी चुनावों से ठीक पहले इसी तरह की रेड कराई थीं और अब पंजाब में भी वही पुराना रास्ता अपनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि भाजपा चाहे जितनी भी रेड करवा ले, उनकी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी रुपया नहीं मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे न तो इन कार्रवाइयों से डरने वाले हैं और न ही पंजाब की जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता से पीछे हटेंगे। सीएम ने कहा कि हम पंजाब को लूटने के लिए नहीं, बल्कि पंजाबियों की सेवा करने के लिए राजनीति में आए हैं। घोटालेबाजों और धंधेबाजों के दिन लद गए पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए सीएम मान ने कहा कि करोड़ों रुपये के घोटाले करने वालों और बसों-होटलों में हिस्सेदारी लेने वालों का दौर अब हमेशा के लिए खत्म हो चुका है। वे दिन चले गए जब राजनीति का इस्तेमाल सिर्फ अपने निजी मुनाफे के लिए किया जाता था। उनकी सरकार पूरी तरह से पारदर्शी शासन के लिए प्रतिबद्ध है और हर फैसला आम जनता के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि पंजाब के लोगों ने हमेशा डर और दबाव की राजनीति को नकारा है। एजेंसियां चाहे जितनी भी रेड कर लें, वे पंजाबियों के दिलों पर कब्जा नहीं कर सकतीं और न ही उनकी आवाज दबा सकती हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है और वे हर चुनौती का डटकर सामना करेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *