![]()
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को दुर्ग ग्रामीण में ‘काला दिवस’ मनाया। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ग्रामीण के नेतृत्व में जिले के 9 ब्लॉक में कुल 10 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए गए। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी और काले कपड़े पहनकर चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता, संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही और लोकतांत्रिक अधिकारों को लेकर अपनी मांगें रखीं। जामुल में प्रदर्शन का तरीका सबसे अलग रहा। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में भैंस के सामने बीन बजाकर विरोध जताया। पार्टी ने इस प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की चुप्पी पर व्यंग्य किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि इस्तीफे की मांग को लेकर लगातार आवाज उठाई जा रही है, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है। इसी को प्रतीकात्मक रूप से दिखाने के लिए भैंस के सामने हॉर्न बजाकर विरोध किया गया। मुख्य चुनाव आयुक्त को देना चाहिए जवाब: ठाकुर
दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर मुख्य चुनाव आयुक्त को जवाब देना चाहिए। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से पारदर्शिता और जवाबदेही की अपेक्षा रहती है। पार्टी का आरोप है कि चुनाव व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन इन मुद्दों पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा रहा। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा और संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि निर्वाचन व्यवस्था की निष्पक्षता को लेकर विपक्ष लगातार आवाज उठा रहा है और इसी मुद्दे पर कांग्रेस ने प्रदेश से लेकर ब्लॉक स्तर तक विरोध प्रदर्शन किया है। दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ कार्रवाई का भी विरोध
कांग्रेस के मुताबिक दिल्ली में निर्वाचन संबंधी मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ पुलिस कार्रवाई के विरोध में भी 8 अक्टूबर को देशभर में ‘काला दिवस’ मनाने का आह्वान किया गया था। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने और चुनावी व्यवस्था की निष्पक्षता बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन का ऐलान किया था। इसी क्रम में दुर्ग ग्रामीण में भी कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन किए। शिवपुरी जामुल, किसान चौक जामगांव आर, बाजार चौक कुम्हारी, आत्मानंद चौक पाटन, मुरमुंदा-अहिवारा, धमधा मेन रोड बस स्टैंड, अहिवारा, भिलाई-3 चरोदा, उतई और अंजोरा में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे। काली पट्टी बांधकर दर्ज करवाया विरोध
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र बचाओ और संविधान बचाओ के नारे लगाए। कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है। ऐसे में उसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता को लेकर उठने वाले सवालों का समाधान किया जाना जरूरी है। राकेश ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की मांग किसी एक घटना तक सीमित नहीं है। पार्टी चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और निर्वाचन संस्थाओं की जवाबदेही को लेकर सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि जनता का चुनाव व्यवस्था पर विश्वास लोकतंत्र की बुनियाद है। यदि चुनाव प्रक्रिया को लेकर संदेह पैदा होते हैं तो संबंधित संवैधानिक संस्थाओं को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
Source link
दुर्ग में भैंस के सामने बीन बजाकर कांग्रेस का प्रदर्शन:ज्ञानेश कुमार की चुप्पी पर मनाया काला दिवस, शीर्ष नेताओं पर कार्रवाई का भी विरोध
