![]()
अजमेर में नई कार खरीदने की खुशी उस समय दहशत में बदल गई, जब शोरूम से निकलने के करीब आधे घंटे बाद ही चलती कार में आग लग गई। गनीमत रही कि कार चला रहे जेएलएन अस्पताल के न्यूरो सर्जरी विभाग के न्यूरो सर्जन डॉ. कुशल गोयल ने समय रहते बोनट से उठता धुआं देख लिया। उन्होंने तुरंत कार सड़क किनारे रोककर अपनी मां और अन्य परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना पर पहुंची नगर निगम की दमकल ने आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घर लौट रहे थे डॉक्टर जानकारी के अनुसार वैशालीनगर के आनंद नगर में रहने वाले डॉ. कुशल गोयल ने गुरुवार को मारुति कंपनी की ऑलटो के-10 नई कार खरीदी थी। शोरूम से डिलीवरी लेने के बाद वे अपनी मां और परिवार के साथ घर लौट रहे थे। करीब आधे घंटे बाद वैशालीनगर में कार के अगले हिस्से से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया स्थिति की गंभीरता समझते हुए डॉ. गोयल ने तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी और सभी परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही क्षणों में बोनट के भीतर आग की लपटें उठने लगीं। उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगर निगम की दमकल मौके पर पहुंची और आग पर समय रहते काबू पा लिया। इससे आग पूरी कार में फैलने से पहले ही नियंत्रित हो गई। आग बुझाने के बाद क्षतिग्रस्त कार को टो-व्हीकल की मदद से वापस शोरूम ले जाया गया। आग के कारणों का नहीं चला पता प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। तकनीकी जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट, किसी तकनीकी खराबी या अन्य किसी वजह से लगी। फिलहाल घटना को लेकर कंपनी स्तर पर जांच की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
Source link
शोरूम से निकली नई कार आधे घंटे में धधकी,VIDEO:डॉक्टर ने सूझबूझ से परिवार को बाहर निकाला, घर लौटते समय बोनट से उठा धुआं
