![]()
डिप्टी एवं लोक निर्माण व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के सरगुजा जिला प्रवास के दौरान दिए गए निर्देश के बाद अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा महामाया चौक से लरंग साय चौक तक सड़क पर बी.टी. पैच मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। डिप्टी सीएम अरुण साव ने अपने सरगुजा प्रवास के दौरान विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए सड़कों की स्थिति सुधारने तथा आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उन्होंने सड़कों पर बने गड्ढों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा संधारण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। वार्षिक संधारण मद से 3 करोड़ रुपए की स्वीकृति लोक निर्माण विभाग संभाग अंबिकापुर के अंतर्गत विभिन्न मार्गों के संधारण एवं मरम्मत कार्यों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में वार्षिक संधारण मद से तीन करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है। स्वीकृत राशि से संभाग अंतर्गत विभिन्न मार्गों के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा वार्षिक संधारण मद के अंतर्गत विभिन्न मार्गों की कुल 150 किलोमीटर लंबाई के क्षतिग्रस्त हिस्सों को बी.टी. पैच कार्य के माध्यम से दुरुस्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इन कार्यों को आगामी दिसंबर माह तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। विभाग द्वारा सड़क मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ किया गया है। पहले उन सड़कों की मरम्मत होगी, जहां सर्वाधिक ट्रेफिक है या सड़कें अत्यधिक खराब हैं। महामाया चौक से लरंग साय चौक तक बी.टी. पैच कार्य इसी अभियान का हिस्सा है। अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए 28 करोड़ का प्रस्ताव अंबिकापुर नगर निगम द्वारा शहर के देवीगंज रोड, ब्रम्ह रोड और सदर रोड में अंडरग्राउंड विद्युतीकरण के लिए 28 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है। महापौर मंजूषा भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण के तहत यह कार्य होगा। महापौर ने कहा कि इसके लिए जल्द स्वीकृति मिल जाने की उम्मीद है। इससे शहर को बिजली के तारों के जाले से मुक्ति मिलेगी। यह सफल रहा तो शहर के अन्य चौड़े मार्गों के लिए भी अंडरग्राउंड केबल बिछाने के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
Source link
डिप्टी सीएम के निर्देश पर अंबिकापुर में गड्ढा-मुक्ति अभियान शुरू:महामाया-चौक से लरंग-साय चौक तक बीटी पैच रिपेयरिंग, 150 किलोमीटर सड़क की होगी मरम्मत
