![]()
हिसार जिले की उकलाना माइनर की टेल तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों में रोष है। माइनर की टेल से करीब दो किलोमीटर पहले ही पानी खत्म हो जाने के कारण किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा। समस्या का समाधान न होने पर किसानों ने बृहस्पतिवार को तहसील परिसर में धरना देकर सिंचाई विभाग के प्रति नाराजगी जताई। किसानों ने आरोप लगाया कि विभाग ने माइनर की सफाई के नाम पर सरकारी धन खर्च किया, लेकिन इसके बावजूद सफाई का काम ठीक ढंग से नहीं करवाया गया। अधिकारियों की ओर से अगले सप्ताह माइनर की सफाई करवाने का आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। किसानों के अनुसार, वे पिछले एक सप्ताह से माइनर में पानी की कमी और सफाई की समस्या को लेकर प्रशासन को अवगत करवा रहे थे। बुधवार को नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की गई थी। किसानों ने चेतावनी दी थी कि 8 अक्टूबर तक समाधान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। तय समय तक समस्या का समाधान नहीं होने पर किसान तहसील परिसर में एकत्रित हुए और धरने पर बैठ गए। सफाई के नाम पर सरकारी धन खर्च करने पर उठाए सवाल धरने पर बैठे किसानों ने सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि माइनर की सफाई पर खर्च किए जाने के बावजूद पानी टेल तक नहीं पहुंच रहा। किसानों का कहना था कि उन्होंने स्वयं माइनर की सफाई की थी, लेकिन इसके बाद विभाग की ओर से ऐसी सफाई नहीं करवाई गई, जिससे पानी अंतिम छोर तक पहुंच सके। किसानों ने सफाईकार्य में खर्च की जांच करवाने, जिम्मेदारी तय करने और माइनर में पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। पीने के पानी की समस्या भी उठाई गांव के सरपंच होशियार सिंह बांगड़वा ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को केवल सिंचाई के पानी की ही नहीं, बल्कि पीने के पानी की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। सरकार और प्रशासन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देकर जल्द समाधान करवाना चाहिए, ताकि किसानों और ग्रामीणों को राहत मिल सके। किसानों ने भी कहा कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। अगले सप्ताह सफाई करवाने का आश्वासन धरने की सूचना मिलने पर प्रशासन और सीआईडी पुलिस सक्रिय हुई। अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद सिंचाई विभाग के उपमंडल अभियंता अजय सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि अगले सप्ताह माइनर की सफाई करवाई जाएगी, ताकि पानी टेल तक पहुंच सके। मौके पर नायब तहसीलदार राहुल राठी भी मौजूद रहे। विभागीय अधिकारी के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। धरने में सरपंच होशियार सिंह बांगड़वा, रण सिंह राड़, कृष्ण थाकन, समुंदर सिंह कुंडू, बलवान छिंरग और रिंकू सागर सहित अनेक किसान मौजूद रहे। अब किसानों की निगाहें सिंचाई विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। किसानों की मांग है कि अगले सप्ताह निर्धारित समय पर माइनर की सफाई करवाई जाए और टेल तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
Source link
उकलाना तहसील में किसानों का धरना-प्रदर्शन:बोले- टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी, सिंचाई विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
