सोनीपत3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सोनीपत में मकान का टूटा हुआ ताला दिखाते हुए विक्रम सिंह बंटी।
सोनीपत के गांव गढ़ी ब्राह्मणा में चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। परिवार के सदस्य बाजार गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति मकान का मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस गया और अलमारियों में रखे सोने के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गया। चोरी हुए सामान में करीब 20 तोले सोने के जेवर और 7.50 लाख रुपए नकद शामिल हैं। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 37.50 लाख रुपए बताई गई है।
शिकायत के आधार पर थाना शहर सोनीपत पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं वारदात के बाद दो संदिग्ध बाइक सवार सीसीटीवी में कैद हो गए हैं और बाद में एक व्यक्ति पैदल जाता भी नजर आ रहा है।

वारदात के बाद दो संदिग्ध बाइक सवार सीसीटीवी में कैद हो गए।
बाजार से लौटने पर टूटा मिला ताला
गांव गढ़ी ब्राह्मणान के रहने वाला विक्रम सिंह बंटी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डीआईसी में नौकरी करता है। उसके दो बेटे परमजीत और हेमंत हैं। दोनों की शादी के लिए उसने घर की अलमारी में सोने के जेवरात और नकदी रखी हुई थी। 9 अक्टूबर को वह परिवार के सभी सदस्यों के साथ दोपहर करीब 3:30 बजे बाजार गया था। शाम करीब 5:15 बजे जब वह पत्नी के साथ घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
वारदात के बाद की तस्वीरें देखिए…

बाइक से उतर कर पैदल जाता एक संदिग्ध व्यक्ति।

चोरी के बाद घर में टूटे ताले और बिखरा सामान।
अलमारियों से जेवरात और नकदी गायब
शिकायतकर्ता के अनुसार, घर में रखे सामान की जांच करने पर अलमारियों से सोने के जेवरात और नकदी गायब मिली। चोरी हुए सामान में सोने के तीन जोड़ी कड़े, दो जोड़ी मंगलसूत्र, छह सोने की अंगूठियां और तीन सोने की चेन शामिल हैं। इसके अलावा अलमारी में रखे 7.50 लाख रुपए नकद भी चोरी हो गए। पीड़ित ने बताया कि परिवार के सदस्यों से पूछताछ के बाद चोरी हुए अन्य सामान की सूची भी पुलिस को दी जाएगी।
112 पर कॉल कर पुलिस को दी सूचना
घर का ताला टूटा मिलने और चोरी का पता चलने पर विक्रम सिंह ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पीड़ित ने चौकी कोर्ट परिसर सोनीपत में लिखित शिकायत दी और अज्ञात चोर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शिकायतकर्ता के अनुसार, घर में रखे सामान की जांच करने पर अलमारियों से सोने के जेवरात और नकदी गायब मिली।
केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई के अनुसार, सूचना मिलने पर एएसआई संदीप कुमार पुलिसकर्मी कैलाश के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया चोरी और मकान में सेंध लगाने से संबंधित अपराध पाए जाने पर थाना शहर सोनीपत में 9 अक्टूबर 2026 को एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(A) और 331(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस कार्रवाई में घटनास्थल पर फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ को भुलाया गया है। फिलहाल अज्ञात आरोपी की पहचान और चोरी हुए सामान की बरामदगी के लिए जांच की जा रही है।

