![]()
कोडरमा में ठग गिरोह सक्रिय हो गए हैं। तिलैया थाना क्षेत्र के अशोका होटल के पास दिल्ली से लौटे मजदूर रंजीत यादव को ठगों ने अपना शिकार बनाया। रंजीत यादव शनिवार सुबह करीब 10 बजे पूर्वा एक्सप्रेस से कोडरमा स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से बाहर आकर वह गिरिडीह के जमुआ स्थित अपने गांव जाने के लिए बस की तलाश में महाराणा प्रताप चौक की ओर पैदल जा रहे थे। अशोका होटल के पास एक अज्ञात बाइक सवार ने उनसे गांव का पता पूछा। जमुआ बताने पर उसने खुद को भी वहीं का बताकर रंजीत को बाइक पर बैठा लिया। उसने अपने एक साथी को भी बुलाया। इसके बाद वे रंजीत को एक गली में ले गए। वहां सामानों की जांच के बहाने पैसों से भरा बैग ले लिया। अपना एक बैग रंजीत को थमाकर ठग वहां से फरार हो गए। इधर जब काफी देर तक वे लोग वापस नहीं आए तो रंजीत ने 100 डायल कर पुलिस को अपनी आपबीती बताई। जिसके पश्चात पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी को खंगालने में जुट गई। पीड़ित ने बताया कि उसके बैग में 14 हजार रुपए नगद और घरवालों के लिए खरीदे गए नए कपड़े थे। बताते चलें कि बीते मंगलवार को भी इसी जगह पर एसपी कार्यालय का कर्मी बताते हुए दो बाइक सवारों ने एक व्यक्ति को अपनी ठगी का शिकार बनते हुए उसके सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हो गया था। इधर, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात या अंजान लोगों के संपर्क में आने से बचें। कोई भी व्यक्ति अगर आपके साथ जबरदस्ती करता है तो तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दें। इधर लगातार ठगी की बढ़ रही इन घटनाओं से लोगों में दहशत के साथ साथ आक्रोश भी है। लोगों का कहना है कि अगर भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोग सुरक्षित नहीं हैं तो बाकी जगह कुछ भी हो सकता है। लोगों ने पुलिस से गश्ती बढ़ाने की अपील की है।
Source link
कोडरमा में दिल्ली से लौटे मजदूर को ठगों ने लूटा:नगद और नए कपड़ों से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
