![]()
बहादुरगढ़ शहर में ई-रिक्शा लूट के मामले में एमआईई चौकी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सामान लाने के बहाने ई-रिक्शा किराए पर ली और सेक्टर-16 पहुंचने पर चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल, पर्स और ई-रिक्शा लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई ई-रिक्शा सहित दो ई-रिक्शा बरामद की हैं। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। सामान लाने के बहाने ई-रिक्शा में बैठे थे तीनों पुलिस के अनुसार, दिल्ली की कच्ची कॉलोनी में रहने वाले खुरशीद मीर ने शिकायत दी कि 5 अक्टूबर को वह बहादुरगढ़ के मामा चौक, रोहतक रोड पर अपनी ई-रिक्शा लेकर खड़ा था। इसी दौरान तीन युवक उसके पास आए और सेक्टर-16 से सामान लाने की बात कहकर उसकी ई-रिक्शा में बैठ गए। शिकायत के मुताबिक, सेक्टर-16 पहुंचने पर तीनों युवकों ने चालक के साथ मारपीट की। इसके बाद उसका मोबाइल फोन, पर्स और ई-रिक्शा लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर बहादुरगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस पुलिस चौकी एमआईई के प्रभारी एएसआई संदीप कुमार के अनुसार, पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कुलदीप निवासी गांव औसर, जिला पानीपत, सुभाष निवासी जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) और इन्द्रजीत निवासी गांव मांडौठी, जिला झज्जर के रूप में हुई है। लूटी गई ई-रिक्शा के साथ चोरी का वाहन भी बरामद पुलिस जांच के दौरान आरोपी इन्द्रजीत की निशानदेही पर शिकायतकर्ता से लूटी गई खुली बॉडी वाली लोडिंग ई-रिक्शा बरामद की गई। इसके अलावा थाना लाइनपार बहादुरगढ़ में दर्ज चोरी के एक अन्य मामले से संबंधित दूसरी ई-रिक्शा भी बरामद हुई। पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ शुभम सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत की गई कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
Source link
बहादुरगढ़ में तीन युवकों ने चालक से ई-रिक्शा लूटी:पुलिस ने तीनों को दबोचा,लूटी गई रिक्शा समेत दो वाहन किए बरामद
