![]()
नवरात्रि से ठीक पहले कोरबा के वार्ड नंबर 26 मुड़ापार में सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड पार्षद गोपाल कुर्रे, जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर और नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू के नेतृत्व में पार्षदों ने कचरा यात्रा निकालकर निगम प्रशासन के खिलाफ हल्ला बोला। नालियों में कचरा, घरों में घुस रहे मच्छर और कीड़े वार्ड के लोगों का कहना है कि नालियां कचरे से भरी हैं और नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया जा रहा है। गंदगी के कारण मच्छर और कीड़े घरों में घुस रहे हैं। इससे बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है। लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि नवरात्रि शुरू होने वाली है, लेकिन दुर्गा पंडालों के आसपास भी सफाई नहीं कराई गई है। शिकायत के बाद भी नहीं हुई सफाई वार्ड पार्षद गोपाल कुर्रे ने बताया कि सफाई को लेकर कई बार ठेकेदार से संपर्क किया गया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वार्ड में लगातार गंदगी बनी हुई है और लोग इसकी शिकायत कर रहे हैं। इसके बाद पार्षदों को विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। कई वार्डों में सफाई व्यवस्था खराब होने का आरोप जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश राठौर ने आरोप लगाया कि सिर्फ वार्ड 26 ही नहीं, बल्कि शहर के कई वार्डों में सफाई व्यवस्था खराब है। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने पसंदीदा ठेकेदारों को काम दे रहे हैं और कमीशन का खेल चल रहा है। अधिकारी मौके पर जाकर सफाई व्यवस्था का जायजा भी नहीं लेते। वहीं, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने कहा कि नवरात्रि जैसे बड़े त्योहार पर भी बस्तियों और दुर्गा पंडालों के आसपास गंदगी पसरी हुई है। गंदी नालियों के कारण बीमारी फैलने का खतरा है, लेकिन संबंधित विभाग और ठेकेदार इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सफाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही सफाई व्यवस्था नहीं सुधारी गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों को गंदगी के बीच रहने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए।
Source link
कोरबा में कांग्रेस पार्षदों ने कचरा यात्रा निकालकर विरोध जताया:वार्ड 26 में नालियां जाम, गलियों में गंदगी से लोग परेशान, निगम के खिलाफ नारेबाजी
