कांगड़ा में चलती एचआरटीसी बस में लगी आग।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शुक्रवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक चलती बस में अचानक आग लग गई। यह घटना पालमपुर डिपो की सरूट-पालमपुर रूट पर कलूना गांव के पास हुई। चालक की सतर्कता और सूझबूझ से बस में सवार लगभग 25 से 30 यात्रियों को समय रह
.
जानकारी के अनुसार, बस सरूट से पालमपुर की ओर जा रही थी। कलूना गांव के समीप एक मोड़ पर पहुंचते ही चालक ने बस से धुआं निकलता देखा। खतरे को भांपते हुए उसने तुरंत बस सड़क किनारे रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया।
यात्रियों के उतरते ही आग ने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते बस धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही होगा।
यात्री, चालक और परिचालक सुरक्षित
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग धीरा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में सभी यात्री, चालक और परिचालक पूरी तरह सुरक्षित हैं, हालांकि बस पूरी तरह नष्ट हो गई।
बसों में तकनीकी स्थिति और रखरखाव को लेकर उठे सवाल
इस घटना के बाद एचआरटीसी की बसों की तकनीकी स्थिति और रखरखाव को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने निगम से बसों की नियमित तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों को और मजबूत बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

