![]()
लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र की वोटर लिस्ट में शहीद-ए-आजम भगत सिंह की फोटो सामने आने का दावा किया गया है। इस मामले में पूर्व विधायक और जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के प्रधान संजय तलवाड़ ने चुनावी रिकॉर्ड की सटीकता पर सवाल उठाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। तलवाड़ के मुताबिक, लुधियाना ईस्ट विधानसभा क्षेत्र (060) के बूथ नंबर 38 की वोटर लिस्ट में सीरियल नंबर 422 पर दर्ज मतदाता की जगह भगत सिंह की फोटो दिखाई दे रही है। इसके अलावा उन्होंने सीरियल नंबर 5, 69, 397, 410, 747, 750, 983 और 990 पर भी गलत फोटो होने का आरोप लगाया है। एक बूथ पर इतनी गलतियां तो पूरे हलके की जांच हो संजय तलवाड़ ने कहा कि यदि एक ही बूथ की वोटर लिस्ट में इतनी गड़बड़ियां सामने आ सकती हैं, तो पूरे विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूचियों की जांच होनी चाहिए। उन्होंने लुधियाना ईस्ट के सभी 235 पोलिंग बूथों की वोटर लिस्ट की जांच कर गलत फोटो और अन्य त्रुटियों को दुरुस्त करने की मांग की। राहुल गांधी के आरोपों का भी किया जिक्र तलवाड़ ने राहुल गांधी की ओर से वोट चोरी और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर उठाए गए सवालों का जिक्र करते हुए कहा कि चुनावी रिकॉर्ड में इस तरह की कथित गड़बड़ियों को हल्के में नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में जनता का भरोसा बनाए रखने के लिए वोटर लिस्ट का सही होना जरूरी है। DC बोले- ERO से लेंगे जानकारी तलवाड़ ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी और संबंधित चुनाव अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, गलतियों को ठीक करने और जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग की है। वहीं, इस संबंध में संपर्क करने पर डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने कहा कि वह लुधियाना ईस्ट के इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) से इस मामले की जानकारी लेंगे।
Source link
लुधियाना ईस्ट की वोटर लिस्ट में भगत सिंह की फोटो:8 अन्य एंट्रियों पर भी सवाल; कांग्रेस प्रधान ने की जांच की मांग
