Headlines

मानसा में नशे ने दो युवकों की ले ली जान:इंजेक्शन लगाने के बाद गई जान, परिजन बोले- खुलेआम बिक रहा है नशा, उजड़ रहे हंसता खेलता परिवार




पंजाब में नशे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मानसा जिले में नशे की ओवरडोज के कारण दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की जान जाने का बेहद दुखद मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। गुस्साए और पीड़ित परिजनों ने नशा तस्करों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पुलिस प्रशासन से सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि गांव से लेकर शहर तक खुलेआम नशा बिक रहा है। पुलिस तस्करों पर शिकंजा कसने की बात तो कह रही है लेकिन कहीं इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है। उधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पहली घटना: वार्ड नंबर 21 में इंजेक्शन लगाने के बाद गई जान मानसा शहर के वार्ड नंबर 21 के रहने वाले हरप्रीत सिंह की बीती रात कथित तौर पर नशे का इंजेक्शन लगाने के बाद मौत हो गई। मृतक हरप्रीत सिंह की बेबस मां ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मानसा शहर में खुलेआम नशे की बिक्री हो रही है। इसी सिंथेटिक जहर ने उनके हंसते-खेलते बेटे की बलि ले ली। उन्होंने पंजाब पुलिस से मांग की है कि उनके बेटे को मौत के मुंह में धकेलने वाले नशा तस्करों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाए। मृतक की पत्नी ने रोते हुए कहा कि शहर में नशा तस्कर बेखौफ घूम रहे हैं और पुलिस की पकड़ से कोसों दूर हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इस जानलेवा कारोबार को रोकने के लिए तुरंत और सख्त कदम उठाए जाएं। दूसरी घटना: गांव ख्याला कलां में 24 वर्षीय मलकीत की मौत नशे की ओवरडोज से मौत का दूसरा मामला मानसा के ही नजदीकी गांव ख्याला कलां से सामने आया है। यहाँ महज 24 वर्षीय मलकीत सिंह की नशे की अत्यधिक मात्रा (ओवरडोज) लेने के कारण मौत हो गई। मृतक मलकीत सिंह के चाचा प्रगट सिंह ने आक्रोश जताते हुए कहा कि उनके इलाके में नशा सरेआम बिक रहा है, जिसके कारण नौजवानों की जिंदगी बर्बाद हो रही है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और इलाके के नशा तस्करों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मानसा के सरकारी अस्पताल भेज दिया है। डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल बोले- मामला पुलिस के संज्ञान में है और दोनों ही घटनाओं की गहनता से जांच की जा रही है। हालांकि परिजन मौत का कारण नशे की ओवरडोज बता रहे हैं, लेकिन मौत की वास्तविक और सटीक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो सकेगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि यदि जांच में नशे की सप्लाई की बात सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *