![]()
लुधियाना की एक स्टील फैक्ट्री में काम के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक वर्कर की मौके पर ही मौत हो गई। काम करते समय अचानक लोहे का एक भारी टुकड़ा सिर पर लगने से अमर यादव (वर्कर) को गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बहने के कारण उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों और साथी कर्मचारियों में शोक और भारी आक्रोश का माहौल है। 3 साल से फैक्ट्री में कर रहा था काम, बेटी की तय थी शादी मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले के रहने वाले अमर यादव (करीब 35 वर्ष) पिछले 3 साल से इस स्टील फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे थे। मृतक के चचेरे भाई राम देश यादव ने बताया कि अमर ही अपने परिवार का एकमात्र सहारा था और उसके चार छोटे बच्चे हैं। परिवार ने हाल ही में अपनी एक बेटी की शादी भी तय की थी, लेकिन इस अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, मालिकों पर लापरवाही का आरोप मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन और मालिकों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और सुरक्षित माहौल दिया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और जिम्मेदार फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया, जांच शुरू की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और परिजनों के बयानों व जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
लुधियाना-स्टील फैक्ट्री में लोहे का टुकड़ा लगने से मौत:सिर से ज्यादा खून बहने से मौके पर मौत; परिवार ने लापरवाही का आरोप लगाया
