![]()
यमुनानगर शहर के गांधी नगर अंडरपास के पास आज सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। बुजुर्ग सुबह पशुओं के लिए चारा लेने घर से निकले थे। इसी दौरान रेलवे की मेन लाइन पार करते समय हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचा दिया गया है। घर के पास ही हुआ हादसा मृतक की पहचान शिव बली पुत्र सुमई निवासी शिव कॉलोनी, थाना गांधी नगर के रूप में हुई है। जीआरपी पुलिस के अनुसार, स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि गांधी नगर अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो रेलवे ट्रैक पर बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ था। हादसे में उनके शरीर पर काफी चोटें आई थीं। घटना घर के नजदीक ही होने के कारण सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। जांच अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचा दिया है। मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Source link
यमुनानगर में ट्रेन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत:सुबह चारा लेने जा रहा था, रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा
