![]()
कोलार थाना क्षेत्र के महाबली नगर में 29 वर्षीय युवती ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान रोली सिंह पिता दिवाकर सिंह के रूप में हुई है। वह एमसीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक आईटी कंपनी में वर्क फ्रॉम होम कर रही थी। मूल रूप से रीवा की रहने वाली थी और भोपाल में अकेली रहती थी। घटना का पता देर रात उस समय चला, जब टीकमगढ़ निवासी राहुल श्रीवास्तव ने उसके परिजन को फोन कर आत्महत्या की सूचना दी। इसके बाद परिजन तत्काल फ्लैट पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से लॉक होने पर उसे तोड़ा गया। युवती को फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात फोन पर मिली आत्महत्या की सूचना मृतका के मामा मंगेश्वर सिंह ठाकुर ने बताया कि देर रात उनके बेटे रजनीश सिंह के मोबाइल पर राहुल श्रीवास्तव का फोन आया था। राहुल टीकमगढ़ का रहने वाला बताया गया है। उसने फोन पर बताया कि रोली ने अपने घर में फांसी लगा ली है। उसने परिजन से तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे देखने के लिए कहा और स्पष्ट किया कि इस सूचना को मजाक में न लें। फोन पर मिली सूचना के बाद रजनीश सिंह बिना देर किए रोली के फ्लैट पर पहुंचा। वहां पहुंचने पर फ्लैट का गेट अंदर से बंद मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर परिजन ने किसी तरह उसे तोड़ा। अंदर रोली फंदे पर लटकी मिली। परिजन ने उसे नीचे उतारा और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट रोली सिंह महाबली नगर कोलार में रहती थी। उसने एमसीए की पढ़ाई पूरी कर ली थी और फिलहाल एक आईटी कंपनी में घर से काम कर रही थी। युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है, इसलिए आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों के बयान के आधार पर होगी जांच कोलार थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों, मृतका के परिजनों के बयान और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
Source link
भोपाल में आईटी कंपनी की महिला कर्मचारी ने किया सुसाइड:आधी रात दोस्त ने कॉल कर परिजनों को बताया-रोली ने फांसी लगा ली
