Headlines

सागर में वन अमले पर हमला, ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश:रात के अंधेरे में वन भूमि पर कर रहे थे जुताई, टीम ने रोका तो पथराव किया, डंडों से पीटा




सागर के शाहगढ़ वन परिक्षेत्र में वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण रोकने पहुंची टीम पर रविवार देर रात हमला कर दिया गया। छोटे बंधा के पास कुछ लोग रात के अंधेरे में वन विभाग की जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण रोकने के साथ ट्रैक्टर जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने वनकर्मियों से विवाद करते हुए डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उप वन परिक्षेत्र अधिकारी शैलेंद्र तिवारी और वन पाल नारायण सिंह पलिया घायल हुए हैं। तिवारी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ट्रैक्टर जब्त करने के दौरान हुआ विवाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जुताई रोकने और ट्रैक्टर जब्त करने का प्रयास किया। इसी दौरान टीम और मौके पर मौजूद लोगों के बीच बहस हो गई। आरोप है कि इसके बाद लोगों ने वनकर्मियों पर डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गए। पत्थर लगने से उप वन परिक्षेत्र अधिकारी शैलेंद्र तिवारी के सिर में गंभीर चोट आई। वन पाल नारायण सिंह पलिया भी घायल हुए। तिवारी को पहले शाहगढ़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 3 आरोपियों पर मामला दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन विभाग की शिकायत पर शाहगढ़ पुलिस ने निवाई निवासी हरिराम यादव, अमित यादव और हरेन्द्र यादव के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश का वीडियो सामने आया घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वन विभाग की टीम ट्रैक्टर जब्त करने की कार्रवाई करती दिखाई दे रही है। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ट्रैक्टर पर बैठकर उसे आगे बढ़ा देता है। इससे वन विभाग की टीम के कर्मचारी बाल-बाल बचते नजर आ रहे हैं। इसके बाद लोग ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *