Headlines

चंडीगढ़ हादसे के बाद रेलवे ने जांच टीम गठित की:युवती के सिर में लगी चोट, अस्पताल में भर्ती, कार में सवार 5 लोग सुरक्षित




चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) से गुजर रही मालगाड़ी के एक वैगन का दरवाजा टूटकर नीचे सड़क से गुजर रही कार पर गिरने के मामले में उत्तर रेलवे ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को चार सदस्यीय जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम यह पता लगाएगी कि चलती मालगाड़ी के वैगन का दरवाजा किन परिस्थितियों में टूटा और सड़क पर चल रही कार पर कैसे गिरा। हादसे में कार सवार सेक्टर-35 निवासी प्रीति के सिर में चोट लगी है। वह अस्पताल में भर्ती है। वहीं, कार में सवार बच्चों समेत अन्य लोग सुरक्षित बच गए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जांच में दरवाजे में तकनीकी खराबी, उपकरण में खामी या किसी अन्य कारण की पड़ताल की जाएगी। टीम मालगाड़ी की गति, वैगन में लदी सामग्री और लोडिंग की प्रक्रिया की भी जांच करेगी। इसके अलावा माल ढुलाई क्षेत्र के अधिकारियों, लोडिंग स्टाफ और मालगाड़ी को रवाना करने की प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। टीम यह भी पता लगाएगी कि कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई। कार की छत-पिछली खिड़की का शीशा टूटा घटना रविवार शाम की है। मालगाड़ी अंबाला से चंडीगढ़ होते हुए लुधियाना के पास ढंडारी कलां जा रही थी। इसी दौरान हल्लोमाजरा रेलवे ओवरब्रिज से गुजरते समय एक वैगन का दरवाजा टूटकर नीचे सड़क से गुजर रही कार पर गिर गया। दरवाजा गिरने से जोरदार धमाका हुआ और कार की छत व पिछली खिड़की का शीशा टूट गया। कार में सवार छह लोगों पर कांच बिखर गया। इनमें से प्रीति बेहोश हो गई। कार चालक के अनुसार, हादसे के बाद करीब दो मिनट तक उन्हें समझ नहीं आया कि अचानक क्या हो गया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पीसीआर और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। घायल प्रीति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रीति अपनी दादी से मिलने के बाद परिवार के साथ कार से घर लौट रही थी। इसी दौरान हल्लोमाजरा में यह हादसा हो गया। रेलवे के तकनीकी अधिकारी कर रहे जांच उत्तर रेलवे की चार सदस्यीय जांच टीम में अंबाला के वाणिज्य विभाग के अधिकारी किशोर मेहता, चंडीगढ़ के ट्रेन संचालन से जुड़े अधिकारी मनोज सैनी और रेलवे के दो तकनीकी अधिकारी शामिल हैं। टीम की अगुवाई रेलवे के तकनीकी अधिकारी कर रहे हैं। जांच टीम मालगाड़ी के ड्राइवर, गार्ड और रखरखाव का काम करने वाले कर्मचारियों के बयान भी दर्ज करेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अंबाला मंडल में यह पहला ऐसा मामला है, जिसमें मालगाड़ी का दरवाजा टूटकर सड़क से गुजर रही कार पर गिरा और युवती घायल हो गई। इससे पहले मालगाड़ियों के दरवाजे रेलवे ट्रैक पर गिरे मिलने या खिड़कियां टूटकर गिरने के मामले सामने आए थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *