![]()
मध्य प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित करीब 20 हजार खाली सरकारी पदों को भरने की तैयारी शुरू हो गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने विशेष भर्ती अभियान के लिए निर्देश जारी किए हैं। भर्ती प्रक्रिया 9 अक्टूबर से शुरू हो गई है, जो 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद हर साल जनवरी से मार्च के बीच विशेष भर्ती अभियान चलाया जाएगा। चयन में इंटरव्यू के अलग से अंक नहीं जुड़ेंगे, बल्कि संबंधित पद के भर्ती नियमों, शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता के आधार पर मेरिट तैयार होगी। 36 हजार पद आरक्षित, 20 हजार खाली सरकार के विभागीय सर्वे में दिव्यांगजनों के लिए करीब 36 हजार पद आरक्षित पाए गए हैं। इनमें लगभग 16 हजार पदों पर दिव्यांगजन कार्यरत हैं, जबकि करीब 20 हजार पद खाली हैं। इन पदों को भरने के लिए विभागवार भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाएगी। आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. अजय खेमरिया के मुताबिक, दिव्यांगजनों के लिए लंबे समय से विशेष भर्ती अभियान शुरू करने की मांग की जा रही थी। सरकार ने अब इसके लिए मार्गदर्शी निर्देश जारी कर दिए हैं। इंटरव्यू के अंक नहीं जुड़ेंगे, मेरिट से होगा चयन सामान्य प्रशासन विभाग के 9 अक्टूबर 2026 के आदेश के अनुसार, चयन प्रक्रिया में साक्षात्कार के लिए अलग से अंक देने की जरूरत नहीं होगी। अभ्यर्थियों का चयन संबंधित पद के भर्ती नियमों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और अन्य पात्रता के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। विज्ञापन के 30 दिन बाद होगी भर्ती प्रक्रिया भर्ती के लिए संबंधित विभागों को कम से कम दो दैनिक समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित कराना होगा। साथ ही विज्ञापन विभागीय वेबसाइट और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की वेबसाइट पर भी अपलोड करना होगा। विज्ञापन में पदों की संख्या, शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता की निर्धारित श्रेणी और भर्ती अभियान की तारीख, समय व स्थान की जानकारी देना जरूरी होगा। विज्ञापन जारी होने के कम से कम 30 दिन बाद ही भर्ती अभियान की तारीख तय की जाएगी। दस्तावेजों की जांच, फिर दावा-आपत्ति का मौका आवेदनों और दस्तावेजों की जांच के बाद पात्र और अपात्र अभ्यर्थियों की अलग-अलग सूची तैयार की जाएगी। अपात्र अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग की वेबसाइट पर जारी होगी। इसके बाद 15 दिन तक दावा-आपत्ति का अवसर दिया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर विज्ञापित पदों की संख्या के अधिकतम दो गुना उम्मीदवारों को मूल दस्तावेजों की जांच के लिए बुलाया जा सकेगा। एक से अधिक विभागों में चयन होने पर अभ्यर्थी को किसी एक विभाग में कार्यभार ग्रहण करने का विकल्प मिलेगा। खाली हुए पद पर प्रतीक्षा सूची से चयन किया जा सकेगा। हर साल जनवरी से मार्च तक चलेगा अभियान सरकार ने आगामी वर्षों में हर साल 1 जनवरी से 31 मार्च तक विशेष भर्ती अभियान चलाने का निर्देश दिया है। सभी विभागों और नियुक्ति प्राधिकारियों को आरक्षित पदों को प्राथमिकता से भरने तथा भर्ती संबंधी कार्रवाई का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखने को कहा गया है। इसके साथ ही 29 अप्रैल 2025 को जारी पुराना परिपत्र निरस्त कर दिया गया है। अभ्यर्थी तैयार रखें जरूरी दस्तावेज भर्ती में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और पद के अनुसार जरूरी अन्य दस्तावेज तैयार रखने चाहिए। आवेदन से पहले संबंधित भर्ती विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता, दिव्यांगता की श्रेणी, रिक्त पदों और आवेदन की अंतिम तारीख की जानकारी जरूर जांचनी होगी।
Source link
MP में 20 हजार सरकारी पदों पर दिव्यांगों की भर्ती:दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान, प्रदेश में 36 हजार आरक्षित पद; इंटरव्यू के बजाय मेरिट पर होगा चयन
