![]()
टांडा-होशियारपुर रोड पर मन्नी पेट्रोल पंप के पास गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहाँ एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े एक कैंटर और उसके चालक को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में कार चालक और कैंटर चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना शाम करीब 5:15 बजे हुई। कैंटर चालक अपने वाहन को सड़क किनारे खड़ा करके उसके टायर की जांच कर रहा था। इसी दौरान टांडा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार ने पहले सड़क पर खड़े कैंटर चालक को जोरदार टक्कर मारी और फिर सीधे कैंटर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में कार चालक और कैंटर चालक दोनों गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। घायलों की पहचान कार चालक प्रदीप सिंह (पुत्र अवतार सिंह, निवासी धुग्गा कला) और कैंटर चालक रवि कुमार (पुत्र नानाली राम, निवासी वडाई, नगरोटा, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) ने घायलों को पहुँचाया अस्पताल घटना की सूचना मिलते ही पंजाब पुलिस की सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसएसएफ के थानेदार तजिंदर सिंह, गुरदीप सिंह और अनीशा रानी ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत दोनों घायलों को प्राथमिक चिकित्सा दी और एम्बुलेंस की मदद से उन्हें सरकारी अस्पताल टांडा में भर्ती कराया, जहाँ उनकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज जारी है। मामले की जांच में जुटी पुलिस हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर सड़क से हटवाया ताकि ट्रैफिक जाम न लगे। जांच अधिकारियों का कहना है कि हादसे के असली कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह दुर्घटना कार की तेज रफ्तार, तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही के कारण हुई है।
Source link
होशियारपुर में खड़े कैंटर में घुसी तेज रफ्तार कार:टायर बदल रहे हिमाचल निवासी कैंटर चालक सहित दो गंभीर रूप से घायल
