Headlines

सीवान में बिजलीकर्मियों को 'भगवान' बनाकर पूजा:ग्रामीण बोले-'प्रसाद स्वीकार कर बिजली की व्यवस्था ठीक कर दीजिए', अनोखे विरोध के बाद विभाग ने आपूर्ति सुधारी




सीवान के आंदर प्रखंड के अर्कपुर गांव में बिजली आपूर्ति की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कई दिनों से जर्जर तारों और लचर विद्युत आपूर्ति से जूझ रहे ग्रामीणों ने बिजली विभाग की उदासीनता के खिलाफ यह कदम उठाया। जब विभाग की ओर से कर्मी गांव पहुंचे, तो ग्रामीणों ने उनका विरोध करने के बजाय उन्हें “भगवान” मानकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी।

ग्रामीणों द्वारा बनाए गए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही बिजली विभाग के कर्मी और स्थानीय लाइनमैन गांव पहुंचे, एक ग्रामीण ने उनके माथे पर तिलक लगाया। इसके बाद फूल, दूब और अक्षत अर्पित किए गए। प्रसाद के रूप में उन्हें ठंडी कोल्ड ड्रिंक भेंट की गई और अगरबत्ती दिखाकर विधिवत पूजा की गई। स्थानीय लाइनमैन के साथ भी यही प्रक्रिया दोहराई गई। ‘प्रसाद स्वीकार कर बिजली की व्यवस्था ठीक कर दीजिए’

एक ग्रामीण ने उनके सामने दंडवत प्रणाम करते हुए हाथ जोड़कर कहा, “इस भीषण गर्मी में आप ही हमारे भगवान हैं। इतनी शिकायतों के बाद आज आप आए हैं, अब प्रसाद स्वीकार कर बिजली की व्यवस्था ठीक कर दीजिए।” ग्रामीणों का यह व्यंग्यात्मक और भावुक विरोध देखकर मौके पर मौजूद दोनों कर्मी कुछ देर के लिए निशब्द हो गए।
जानकारी के अनुसार, ये दोनों कर्मी जूनियर इंजीनियर (जेई) या एसडीओ नहीं थे, बल्कि उन्हें केवल स्थिति का जायजा लेने के लिए भेजा गया था। लेकिन ग्रामीणों की पीड़ा और इस अनोखे स्वागत ने उन्हें भी प्रभावित किया। बताया जाता है कि कर्मियों ने तत्काल पूरे मामले की जानकारी अपने वरीय अधिकारियों को दी।

इसके बाद नई बिजली तार की व्यवस्था कराई गई। देर रात तक मरम्मत का कार्य चलता रहा और बिजली आपूर्ति बहाल होने तक दोनों कर्मी गांव में ही डटे रहे। कई दिनों से बिजली विभाग का चक्कर लगा रहे थे ग्रामीण

ग्रामीणों का कहना है कि जिस समस्या के समाधान के लिए वे कई दिनों से बिजली विभाग के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे, वह इस अनोखे स्वागत और प्रतीकात्मक विरोध के कुछ ही घंटों बाद दूर हो गई। उनका यह भी कहना है कि यदि विभाग पहले ही शिकायतों को गंभीरता से लेता, तो लोगों को इस तरह का कदम उठाने की नौबत नहीं आती।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *