रायपुर27 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के सेवानिवृत्त बीज प्रबंधक राजेंद्र सिंह क्षत्रीय को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने शुक्रवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को विशेष न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जांच एजेंसी का दावा है कि नौकरी के दौरान राजेंद्र सिंह की वैध आय करीब 6 करोड़ रुपए थी, जबकि उन्होंने 11.28 करोड़ रुपए से अधिक खर्च और निवेश किए। यानी उन्होंने अपनी वैध आय से 5.28 करोड़ रुपए अधिक संपत्ति अर्जित की, जो उनकी कुल आय का लगभग 88 प्रतिशत है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार राजेंद्र सिंह क्षत्रीय छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अजिरमा (सरगुजा) प्रक्रिया केंद्र में उत्पादन सहायक रहे। बाद में वे बीज प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनके खिलाफ वर्ष 2020 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान उनकी आय, खर्च, निवेश और संपत्तियों का मिलान किया गया। इसमें सामने आया कि जांच अवधि में उनकी कुल वैध आय करीब 6 करोड़ रुपए थी, जबकि इसी दौरान 11.28 करोड़ रुपए से अधिक का व्यय किया गया।
जांच में उनके नाम पर महंगी आवासीय और कृषि भूमि, वाहन तथा अन्य संपत्तियां मिली हैं। ईओडब्ल्यू का दावा है कि आरोपी ने रिश्तेदारों के नाम पर भी निवेश किया है। एजेंसी अब इन निवेशों के स्रोत और संपत्तियों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।

