लवी किशोर | आगराकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में एक शोरूम में चोरी हुई है। चोर छत के रास्ते अंदर घुसा और काउंटर से करीब 20 हजार रुपए नकद लेकर भाग गया। यह घटना गुरुवार रात हाथरस रोड स्थित अंबेडकर तिराहे पर हरेंद्र एंटरप्राइजेज शोरूम में हुई।
चोर शोरूम के बाहर लगे एक पेड़ के सहारे छत पर पहुंचा। उसने लोहे के जाल की पत्तियां तोड़ीं और फिर केबल के सहारे शोरूम के अंदर उतर गया।
चोरी की पूरी घटना कैमरे में कैद शोरूम मालिक राजवीर सिंह को अगले दिन दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शोरूम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। चोरी की पूरी घटना फुटेज में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चोर की पहचान और तलाश कर रही है।
10 मिनट तक शोरूम के अंदर रहा राजवीर सिंह ने बताया कि चोर शाम करीब चार बजे भी शोरूम के आसपास घूमता और जांच-पड़ताल करता कैमरे में दिखा था। उस समय ग्राहकों की आवाजाही ज्यादा थी, इसलिए उन्होंने उस पर ध्यान नहीं दिया। रात करीब दो बजे चोर ने चोरी की। वह करीब 10 मिनट तक शोरूम के अंदर रहा। उसने अलमारी के ताले भी तोड़े और गोदाम में रखा सामान भी देखा। जिस तरह से वह अंदर घुसा था, उसी तरह से बाहर निकल गया।
शोरूम मालिक के यहां पहले भी एक बड़ी चोरी हो चुकी है। 12 फरवरी 2018 को अज्ञात चोरों ने नकदी के साथ बैटरी और इन्वर्टर चुराए थे। उस घटना में करीब छह लाख रुपए का नुकसान हुआ था। पुलिस पुराने मामले और इस चोरी की फुटेज को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

