प्रॉपर्टी डीलर की डेडबॉडी के साथ धरने पर बैठा उसका भाई।
सोनीपत से सटे दिल्ली के नरेला में प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रॉपर्टी डीलर गुरुवार सुबह जिम में एक्सरसाइज करने पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम के गेट पर पहुंचे, बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। करीब 10 राउंड गोलिया
.
मृतक की पहचान सोनीपत के नाहरी गांव निवासी प्रमोद (40) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से उन्हें रंगदारी के लिए धमकी भरे कॉल आ रहे थे। घटना के बाद प्रमोद के परिजन मौके पर पहुंचे और डेडबॉडी उठाने से इनकार कर दिया। प्रॉपर्टी डीलर का भाई डेडबॉडी के सामने ही धरने पर बैठ गया। दिल्ली पुलिस परिवार को समझाने में जुटी है।
घटनास्थल की 3 तस्वीरें देखिए…

प्रमोद के भाई ने पुलिस को कहा कि वह डेडबॉडी नहीं उठाएंगे।

पुलिस अधिकारियों ने प्रमोद के भाई को समझाने की कोशिश की।

प्रमोद की हत्या के बाद जिम के बाहर जमा भीड़।
धमकियों के बाद बुलेट प्रूफ गाड़ी में चलने लगे
प्रमोद पिछले लंबे समय से प्रॉपर्टी डीलिंग के कारोबार से जुड़े हुए थे। नाहरी गांव में ही उनका प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस है। इसके अलावा गांव में एक बैंक्वेट हॉल भी है। यह उनके छोटे भाई मुकुल संभालते हैं। बताया गया है कि प्रमोद को पिछले कुछ दिनों से लगातार रंगदारी मांगी जा रही थी। कॉल करने वाले उससे मोटी रकम की मांग कर रहे थे। धमकियों के बाद प्रमोद अपनी सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित थे। वह अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी में आने-जाने लगे थे।
जिम के गेट पर पहुंचते ही बदमाशों ने की फायरिंग
वारदात गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की है। प्रमोद सुबह अपने घर से बाकनेर, नरेला स्थित द जिम पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम के गेट पर एंट्री करने लगे, तभी बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। बदमाशों ने करीब 8 से 10 राउंड फायरिंग की। गोलियां लगने से प्रमोद की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।
भाई डेडबॉडी के सामने धरने पर बैठा
हत्या की सूचना के बाद प्रमोद के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इस दौरान प्रमोद का भाई मुकुल डेडबॉडी के सामने बैठ गया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुकुल ने कहा कि जिस तरह उसके भाई की हत्या की गई है, उसी तरह आरोपियों का भी एनकाउंटर होना चाहिए।
पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को समझाने में जुटा
हत्या के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया। पुलिस प्रशासन और अधिकारी परिजनों व ग्रामीणों को समझाने में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर संभावित एंगल पर काम किया जा रहा है। बावजूद इसके परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़ा हुआ है।
—————————–
ये खबर भी पढ़ें :-
हरियाणा में जिम के बाहर फाइनेंसर की हत्या:एक्सरसाइज कर बाहर निकला था, बाइक सवार बदमाशों ने 8 राउंड फायरिंग की

हरियाणा के यमुनानगर में गुरुवार सुबह जिम के बाहर एक फाइनेंसर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मॉडल टाउन एरिया में फाइनेंसर एक्सरसाइज करने के बाद जिम से बाहर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उन पर करीब 8 राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…
